हरियाणा में 11 करोड़ से यहां बनेगा कॉलेज भवन, प्रदेश सरकार ने दी मंजूरी

 | 
हरियाणा में 11 करोड़ से यहां बनेगा कॉलेज भवन, प्रदेश सरकार ने दी मंजूरी  

 

Udaipur Times, Haryana News, बालसमंद : हरियाणा के हिसार जिले के छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। करीब आठ वर्ष के इंतजार के बाद चौधरी भजनलाल राजकीय महाविद्यालय, बालसमंद के अपने भवन का रास्ता साफ हो गया है। हरियाणा सरकार ने कॉलेज भवन निर्माण के लिए 11.03 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मंजूरी दे दी है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा।

भवन बनने से वर्षों से सरकारी प्राथमिक विद्यालय में संचालित हो रहे महाविद्यालय को अपना स्थायी परिसर मिलेगा और विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। महाविद्यालय की स्थापना 5 जुलाई 2018 को हुई थी। तब से इसकी कक्षाएं गांव के सरकारी प्राथमिक विद्यालय में संचालित हो रही हैं।

स्थायी भवन नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को पर्याप्त कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, खेल मैदान और अन्य मूलभूत सुविधाओं का अभाव झेलना पड़ रहा है। कॉलेज शुरू होने पर यहां बीए और बीकॉम पाठ्यक्रम शुरू किए गए थे, लेकिन पर्याप्त विद्यार्थी नहीं मिलने के कारण बीकॉम पाठ्यक्रम बंद करना पड़ा। भवन और सुविधाओं के अभाव का असर हर वर्ष प्रवेश संख्या पर भी पड़ता रहा।

कॉलेज भवन के लिए भूमि को लेकर मामला लंबे समय तक न्यायालय में विचाराधीन रहा। करीब चार वर्ष तक चले विवाद के बाद पंचायत ने मामला जीता और भूमि उच्च शिक्षा विभाग के नाम स्थानांतरित कर दी गई। अब प्रशासनिक मंजूरी मिलने के बाद निर्माण प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

करीब 7 एकड़ 6 कनाल 13 मरला भूमि पर तीन मंजिला आधुनिक भवन का निर्माण 11.03 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। भवन का नक्शा पहले ही स्वीकृत हो चुका है। इसमें आधुनिक कक्षाएं, प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय, प्रशासनिक ब्लॉक, खेल सुविधाएं तथा अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News