राज्य स्तरीय दृष्टिबाधित खेलकूद प्रतियोगिता 26 से
उदयपुर। 29वीं राज्य स्तरीय दृष्टिबाधितों की दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय प्रज्ञा चक्षु उच्च माध्यमिक अन्ध विद्यालय, उदयपुर एवं राजस्थान दृष्टिहीन क्रीड़ा परिषद, अजमेर के संयुक्त तत्वावधान में 26 व 27 दिसम्बर को किया जा रहा है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. आभा शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का उद्घाटन एवं समापन स्थल राजकीय प्रज्ञा चक्षु उच्च माध्यमिक अन्ध विद्यालय, अंबामाता, उदयपुर रहेगा।
खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन कचेली तेली समाज का नोहरा, मल्लातलाई में किया जाएगा। कार्यक्रम में रस्सा कस्सी, साधारण दौड़, तीन टाँग की दौड़, एक टाँग की दौड़, कबड्डी, केप रेस, शतरंज आदि प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएगी।
राजस्थान दृष्टिहीन क्रीड़ा परिषद, अजमेर के सदस्य लाल चन्द रावत ने बताया कि प्रतियोगिताओं में राजस्थान के समस्त जिलों से जूनियर व सीनियर वर्ग के करीब 250 प्रतियोगी भाग लेंगे। समस्त प्रतियोगियों की आवास एवं भोजन की निःशुल्क व्यवस्था स्थानीय विद्यालय में भामाशाहों के सहयोग से की जा रही है।
प्रतियोगिताओं के अतिरिक्त ब्रेल व नवीन तकनीकी विषय पर चर्चा हेतु एक सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा।कार्यक्रम के उद्घाटन के अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों को एवं समापन के अवसर पर कार्यक्रम में सहयोग करने वाले भामाशाहों एवं जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।