Udaipur Times, Rajasthan Weather : राजस्थान में मौसम ने करवट ले ली है। जिसके चलते प्रदेश में बारिश हो रही है। इसके साथ ही मानसून फिर से एक्टिव हो गया है। मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश के 20 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है।
कल शनिवार को जयपुर सहित कई जिलों में दिनभर बरसात हुई। इन जिलों में तापमान 6 डिग्री गिरकर सामान्य से नीचे आ गया, जिससे यहां दिन में रात जैसी ठंडक हो गई।
विभाग के मुताबिक बारिश का दौर 8 सितंबर तक जारी रहा सकता है। इसके बाद एक हफ्ते बारिश की संभावना कम है।
विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक बीते 24 घंटे के दौरान सबसे ज्यादा बरसात सवाई माधोपुर के खंडार में दर्ज हुई। यहां 102MM पानी बरसा। करौली, भरतपुर, अलवर जिलों के अलग-अलग इलाकों में 3 इंच तक बारिश रिकॉर्ड हुई।
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- वेलमार्ग लो-प्रेशर सिस्टम अभी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान तीनों राज्यों की सीमा पर एक्टिव है। इस सिस्टम के असर से राजस्थान के जयपुर, भरतपुर संभाग के एरिया में आज भी कहीं-कहीं मध्यम से तेज और भारी बारिश हो सकती है। जबकि कोटा संभाग के एरिया में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है। 7 सितंबर से इस सिस्टम का असर कम होगा और बारिश में कमी आनी शुरू होगी। 8 सितंबर से संभावना है कि बारिश की एक सप्ताह के लिए वापस रूक सकती है।