बांसवाड़ा: आवारा कुत्तो का आतंक

घोड़ी तेज़पुर गांव में मासूम के चेहरे को नोचा 
 | 
banswara

बांसवाड़ा 10 जनवरी 2026। ज़िले के घोड़ी तेजपुर गांव में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां घर के आंगन में खेल रहे 3 साल के मासूम पर अचानक एक कुत्ते ने हमला कर दिया। हमले में कुत्ते ने बच्चे के चेहरे को नोच लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गनीमत रही कि हमले के दौरान बच्चे की आंख बच गई।

पीड़ित बच्चे के पिता गेवा ने बताया कि उनका दो वर्षीय बेटा अनिल शुक्रवार शाम करीब छह बजे घर के आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान एक कुत्ता वहां घुस आया और मासूम पर झपट पड़ा। कुत्ते ने बच्चे के चेहरे को दांतों से बुरी तरह नोच लिया। बच्चे की चीख सुनकर परिजन बाहर दौड़े और कुत्ते को भगाकर बच्चे को बचाया।

घटना के बाद लहूलुहान हालत में मासूम को परिजन निजी वाहन से तुरंत स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद हालत की गंभीरता को देखते हुए शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे बच्चे को महात्मा गांधी (एमजी) अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्चे के चेहरे पर आए गहरे घावों की सफाई कर पांच टांके लगाए। फिलहाल बच्चे की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है और उसे अस्पताल के वार्ड में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।