CPCB का सख्त एक्शन ! दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण फैलाने वाली 235 फैक्ट्रियां होंगी सील
Udaipur Times, New Delhi : दिल्ली-एनसीआर में दमघोंटू हवा को साफ करने के लिए केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने सख्त रुख अपनाया है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के नए मानकों के तहत सीपीसीबी ने 30 अक्टूबर को सभी इकाइयों को प्रदूषण नियंत्रण उपकरण लगाने के वर्क ऑर्डर या छूट प्रमाण-पत्र पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए थे।
समीक्षा में लापरवाही सामने आने के बाद सीपीसीबी के सदस्य सचिव प्रसून गार्गव ने 14 नवंबर को इन सभी 235 फैक्ट्रियों को 48 घंटे के भीतर सील करने के आदेश जारी किए, जिनमें सर्वाधिक 151 इकाइयां हरियाणा की हैं।
सूची में पानीपत की द पानीपत को-ऑपरेटिव शुगर मिल्स, नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (एनएफएल), मोहित रग्स व भारत डाई हाउस के अलावा सोनीपत, बहादुरगढ़, फरीदाबाद, मानेसर, पलवल की दर्जनों फैक्ट्रियां शामिल हैं। राजस्थान के भिवाड़ी-अलवर, यूपी के गाजियाबाद व मेरठ की इकाइयों पर कार्रवाई तय है। राज्यों को 17 नवंबर तक सबूतों के साथ एक्शन रिपोर्ट सौंपनी होगी।
किस राज्य की कितनी इकाइयों पर गिरेगी गाज
हरियाणा: 131 इकाइयों ने दस्तावेज अपलोड नहीं किए, 20 अपंजीकृत मिलीं।
राजस्थान: 40 इकाइयों ने दस्तावेज अपलोड नहीं किए, 5 अपंजीकृत मिलीं।
यूपी: 20 ने दस्तावेज अपलोड नहीं किए, 19 अपंजीकृत मिलीं।