हरियाणा में जिस भूमि पर फैलेगा प्रदूषण, मालिक पर होगी सख्त कार्रवाई, अंतरराज्यीय नाकों पर वाहनों की जांच करने के निर्देश

 | 
हरियाणा में जिस भूमि पर फैलेगा प्रदूषण, मालिक पर होगी सख्त कार्रवाई, अंतरराज्यीय नाकों पर वाहनों की जांच करने के निर्देश 

Udaipur Times, Haryana News, झज्जर : देश की राजधानी से सटे जिला झज्जर में वायु प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए डीसी वर्षा खांगवाल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों की पालना में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

खुले में कूड़ा-कचरा, पराली व प्लास्टिक वेस्ट जलाने पर सख्ती से रोक के निर्देश

डीसी ने निर्देश दिए कि सड़कों और खुले स्थानों पर कूड़ा-कचरा, पराली व प्लास्टिक वेस्ट जलाने की घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाई जाए। सड़कों पर धूल-मिट्टी उड़ने से रोकने के लिए प्रभावी उपाय किए जाएं और संबंधित विभाग अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखें। प्रदूषण फैलाने की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पंचायती भूमि पर प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियां पाए जाने पर संबंधित भूमि उपयोगकर्ता के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी। अंतरराज्यीय नाकों पर बाहरी वाहनों की जांच की जाए और प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।

पर्यावरण संरक्षण से जुड़े नियमों के उल्लंघन पर किसी प्रकार की न हो ढिलाई

डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि सभी एसडीएम अपने-अपने क्षेत्रों में प्रदूषण नियंत्रण के उपायों की नियमित निगरानी करें और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाए रखें। उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण के लिए गठित टीमों को दिन के साथ-साथ रात में भी जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण से जुड़े नियमों के उल्लंघन पर किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए और प्रदूषण संबंधी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर एसडीएम अभिनव सिवाच, क्षेत्रीय अधिकारी डॉ सुनील श्योराण, डीडीपीओ निशा तंवर, डीटीपी अंजू सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News