हरियाणा में इन नियमों की अनदेखी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, DC ने दिए सख्त निर्देश

 | 
हरियाणा में इन नियमों की अनदेखी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, DC ने दिए सख्त निर्देश 

झज्जर, 2 नवंबर : राजधानी से सटे झज्जर जिला में बढ़ते वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। डीसी वर्षा खांगवाल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि धरातल पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़कों पर उड़ती धूल, खुले में कूड़ा जलाने, निर्माण स्थलों से फैलने वाले प्रदूषण और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्ती बरती जाए।

डीसी ने कहा कि सड़क किनारे धूल वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर नियमित रूप से पानी का छिड़काव करवाया जाए। रोड डस्ट पर नियंत्रण के लिए संबंधित विभाग अपने क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखें। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के नियमों की अवहेलना करने वालों के चालान किए जाएं और कचरे का अनुचित निस्तारण करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

निर्माण स्थलों पर नियमों की अनदेखी पड़ी भारी

डीसी ने अधिकारियों को निर्माण स्थलों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण सामग्री को खुले में न रखा जाए और उसे तिरपाल आदि से ढककर रखना सुनिश्चित किया जाए। निर्माण कार्यों के दौरान धूल उड़ने से रोकने के लिए निर्धारित पर्यावरणीय मानकों की पालना करवाई जाए। निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित व्यक्ति या एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

प्रदूषण फैलाने वाले वाहन नहीं बचेंगे कार्रवाई से

डीसी वर्षा खांगवाल ने यातायात एवं संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों की नियमित जांच की जाए। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के चालान करने के साथ-साथ कानूनी प्रावधानों के तहत उन्हें इंपाउंड भी किया जाए। उन्होंने कहा कि वाहन प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाए।

होटल-ढाबों के तंदूर भी रहेंगे निगरानी के दायरे में

डीसी ने होटल, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में इस्तेमाल होने वाले तंदूर से निकलने वाले धुएं पर भी विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी प्रतिष्ठानों में निर्धारित मानकों के अनुरूप ईंधन का इस्तेमाल सुनिश्चित किया जाए। नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाए।

डीसी ने ग्रामीण क्षेत्रों में कूड़ा-कचरा जलाने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट किया कि गांवों में कहीं भी कूड़ा जलता पाया गया तो संबंधित सरपंच की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने ग्राम पंचायतों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखने और कूड़ा जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के निर्देश दिए।

स्वच्छ हवा के लिए जनसहयोग जरूरी : डीसी

डीसी वर्षा खांगवाल ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वायु प्रदूषण पर नियंत्रण प्रशासन के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। लोग खुले में कूड़ा-कचरा और पत्तियां न जलाएं, निर्माण सामग्री को ढककर रखें तथा कचरे का उचित निस्तारण करें। वाहन चालक अपने वाहनों की नियमित सर्विसिंग करवाएं और प्रदूषण संबंधी निर्धारित मानकों का पालन करें।

उन्होंने होटल एवं ढाबा संचालकों सहित सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से भी पर्यावरण संरक्षण के नियमों की पालना करने का आह्वान किया। डीसी ने कहा कि विभागीय समन्वय, नियमित निगरानी और जनभागीदारी से ही वायु प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। सभी नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझते हुए स्वच्छ हवा और बेहतर पर्यावरण बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News