हरियाणा से पेट्रोल-डीजल ले जाकर बेचने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, ADC ने अधिकारियों को दिए निर्देश

 | 
हरियाणा से पेट्रोल-डीजल ले जाकर बेचने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, ADC ने अधिकारियों को दिए निर्देश 

Udaipur Times, Haryana News, सिरसा : जिले में हाई स्पीड डीजल (एचएसडी) एवं मोटर स्पिरिट (पेट्रोल) की असामान्य रूप से अधिक बिक्री तथा अनाधिकृत अंतरराज्यीय आवाजाही पर रोक लगाने के उद्देश्य से अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल की अध्यक्षता में पेट्रोल पंप संचालकों एवं तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएसपी सुखबीर सिंह, डीएफएससी हरवीर सिंह, खाद्य आपूर्ति अधिकारी भूपेश गोयल, पेट्रोल पंप एसोसिएशन के प्रधान ज्ञानचंद मेहता, सहित खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, पुलिस विभाग, आईओसीएल, बीपीसीएल, एचपीसीएल तथा विभिन्न पेट्रोल पंप संचालकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान जिले से अन्य राज्यों में पुनः बिक्री के लिए ड्रम इत्यादि में डीजल व पेट्रोल की बिक्री तथा इनके अनाधिकृत परिवहन को रोकने के उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई। 

राजस्थान की सीमा से सटे क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के साथ-साथ नाकेबंदी करने का निर्णय लिया गया। एडीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संदिग्ध बिक्री और परिवहन गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए तथा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने कहा कि यदि कोई पेट्रोल पंप संचालक दूसरे राज्य में पुनः बिक्री के लिए तेल की बिक्री करता है या बल्क में तेल बेचता पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

एडीसी ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जिले में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है तथा आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। इसलिए नागरिक अनावश्यक रूप से ईंधन का भंडारण न करें।
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News