हरियाणा में पेट्रोल-डीजल को लेकर सख्ती, बिना दस्तावेज अवैध आवाजाही वाले टैंकर होंगे जब्त
Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आ रही हैं। राज्य सरकार ने हाई स्पीड डीजल (HSD) और मोटर स्पिरिट (पेट्रोल) की असामान्य खरीद और अवैध परिवहन को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के 26 मई 2026 के निर्देशों के बाद सभी जिलों के अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निगरानी और कार्रवाई के आदेश जारी किए गए हैं।
सरकार के संज्ञान में आया है कि राज्य के विभिन्न जिलों में बड़ी मात्रा में डीजल और पेट्रोल सीधे रिटेल पेट्रोल पंपों से खरीदा जा रहा है। जांच में सामने आया है कि कई बल्क उपभोक्ता, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और परिवहन ऑपरेटर ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) से सीधे ईंधन खरीदने के बजाय पेट्रोल पंपों से भारी मात्रा में ईंधन ले रहे हैं। Haryana News
इसके अलावा खुफिया रिपोर्टों में यह भी सामने आया है कि बिना अनुमति और बिना मानक माप वाले टैंकरों के जरिए डीजल और पेट्रोल को राज्य की सीमाओं के पार ले जाया जा रहा है। इससे न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान हो रहा है, बल्कि पेट्रोलियम अधिनियम के तहत सुरक्षा नियमों का भी उल्लंघन हो रहा है। Haryana News
पेट्रोल पंपों की होगी निगरानी
सरकार ने निर्देश दिए हैं कि सभी जिलों में पेट्रोल पंपों की दैनिक बिक्री पर नजर रखी जाए। यदि किसी पेट्रोल पंप की बिक्री में अचानक और असामान्य बढ़ोतरी दिखाई देती है तो उसका तत्काल ऑडिट किया जाएगा। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाएगा कि पेट्रोल पंप अनधिकृत टैंकरों या ऐसे व्यावसायिक उपभोक्ताओं को थोक मात्रा में ईंधन न बेचें, जिन्हें नियमों के अनुसार सीधे ऑयल मार्केटिंग कंपनियों से खरीद करनी चाहिए। Haryana News
अवैध टैंकरों पर होगी कार्रवाई
बिना वैध बिल, डिलीवरी चालान और सुरक्षा प्रमाणपत्र के डीजल-पेट्रोल का परिवहन करने वाले टैंकरों की विशेष जांच की जाएगी। यदि कोई टैंकर आवश्यक दस्तावेजों के बिना ईंधन ले जाते हुए पाया जाता है तो उसे जब्त किया जाएगा और संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम तथा पेट्रोलियम नियंत्रण आदेशों के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। Haryana News
विशेष अभियान
सरकार ने उत्तर प्रदेश, राजस्थान और पंजाब से लगते जिलों में विशेष निगरानी के निर्देश दिए हैं। इनमें यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, पलवल, नूंह, सिरसा, फतेहाबाद और अंबाला सहित अन्य जिले शामिल हैं।
इन जिलों में उपायुक्तों को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, पुलिस और राजस्व/कर विभाग के अधिकारियों की संयुक्त उड़नदस्ते (फ्लाइंग स्क्वॉड) बनाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही प्रमुख सीमा चौकियों पर 24 घंटे चेकिंग नाके स्थापित किए जाएंगे, ताकि डीजल और पेट्रोल की अवैध आवाजाही को रोका जा सके। Haryana News
रिपोर्ट
सरकार ने सभी अधिकारियों को इस मामले की व्यक्तिगत निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। जांच, जब्त किए गए टैंकरों और दोषी पेट्रोल पंप संचालकों के खिलाफ की गई कार्रवाई की रिपोर्ट प्रतिदिन शाम 5 बजे तक निर्धारित प्रारूप में भेजनी होगी। Haryana News
सरकार ने स्पष्ट किया है कि राज्य में डीजल और पेट्रोल की कोई कमी नहीं है। आम लोगों से अपील की गई है कि वे घबराहट में ईंधन की खरीद या भंडारण न करें और अफवाहों पर ध्यान न दें।


