हरियाणा के दोनों निगमों को बिजली मंत्री के सख्त निर्देश, गांवों-शहरों में खराब ट्रांसफार्मर 2 से 4 घंटे में होगा बदलना
Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर कनेक्शनों की रफ्तार बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। मार्च 2027 तक प्रदेश के करीब 2.20 लाख घरों में सोलर इंस्टॉलेशन का लक्ष्य रखा गया है, जिसे पूरा करने के लिए हर माह लगभग 12,500 कनेक्शन लगाने होंगे। इसके तहत हर जोन में रोजाना 100 कनेक्शन लगाने पर विशेष फोकस किया गया है। इसमें से डीएचबीवीएन का लक्ष्य 1.22 लाख है, जिसके मुकाबले अब तक 76,143 (62.41 प्रतिशत) कनेक्शन लग चुके हैं।
दक्षिण और उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने दोनों निगमों के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। आगामी 9 दिसंबर को बिजली मंत्री अनिल विज भी दोनों निगमों की समीक्षा बैठक लेंगे। एमडी ने स्पष्ट किया कि शहरी क्षेत्रों में खराब ट्रांसफार्मर 2 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में 4 घंटे के भीतर बदलना अनिवार्य होगा।
इसके अतिरिक्त, बिजली सब-स्टेशनों को बाढ़ व जलभराव से बचाने, उनके अपग्रेडेशन और मॉनिटरिंग के लिए डैशबोर्ड बनाने का निर्णय लिया गया है। साथ ही एचवीपीएन द्वारा चिह्नित मिसिंग लाइटनिंग अरेस्टर, अर्थिंग व जीओ स्विच के लंबित कार्य प्राथमिकता से पूरे करने और ओवरलोडेड सब-स्टेशनों की क्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
बकाया वसूली में तेजी, लैंड रेवेन्यू एक्ट के तहत होंगे नोटिस
डिफॉल्टर उपभोक्ताओं और सरकारी विभागों के पास लंबित बिजली बिलों की वसूली तेज करने के लिए विशेष अभियान चलेगा। बड़े बकाया मामलों की नियमित निगरानी कर राजस्व वसूली के लक्ष्य पूरे किए जाएंगे। स्थायी रूप से कटे कनेक्शनों वाले उपभोक्ताओं से वसूली के लिए लैंड रेवेन्यू एक्ट के तहत नोटिस जारी कर मामले तहसीलदारों के माध्यम से आगे बढ़ाए जाएंगे।