हरियाणा में होटल, रेस्टोरेंट और खुले भोजनालयों को सख्त निर्देश, इन कामों पर लगाया प्रतिबंध ?

 | 
हरियाणा में होटल, रेस्टोरेंट और खुले भोजनालयों को सख्त निर्देश, इन कामों पर लगाया प्रतिबंध ?

गुरुग्राम, 11 नवंबर : जिलाधीश एवं डीसी उत्तम सिंह ने वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए जिले के सभी होटल, रेस्टोरेंट और खुले भोजनालयों में ईंधन के रूप में तंदूर में कोयला एवं लकड़ी के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी किए हैं। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) द्वारा जारी ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप) के संशोधित प्रावधानों के तहत अब इन प्रतिष्ठानों में केवल बिजली आधारित, गैस आधारित अथवा अन्य अनुमोदित स्वच्छ ईंधन आधारित उपकरणों का ही इस्तेमाल किया जा सकेगा। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

जिलाधीश ने नगर निगम गुरुग्राम, नगर निगम मानेसर, हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के संबंधित अधिकारियों तथा अन्य संबंधित विभागों को इन आदेशों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सभी उपमंडल मजिस्ट्रेट भी संबंधित नगर निकायों एवं प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर आदेशों को प्रभावी ढंग से लागू करवाएंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने, नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई करने तथा प्रतिदिन निरीक्षण, उल्लंघन और की गई कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। 

जिलाधीश ने आमजन एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों के संचालकों से अपील की है कि वे वायु प्रदूषण को कम करने के इस अभियान में प्रशासन का सहयोग करें। होटल, रेस्टोरेंट और भोजनालय संचालक प्रतिबंधित ईंधन के इस्तेमाल से पूरी तरह परहेज करें और अपने प्रतिष्ठानों में निर्धारित स्वच्छ ईंधन आधारित उपकरणों का ही प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ हवा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। आमजन भी अपने आसपास प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों को रोकने में सहयोग करें तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News