हरियाणा में सहकारी समिति का सब-इंस्पेक्टर गिरफ्तार, 2500 रुपये की रिश्वत लेते ACB ने पकड़ा

 | 
हरियाणा में सहकारी समिति का सब-इंस्पेक्टर गिरफ्तार, 2500 रुपये की रिश्वत लेते ACB ने पकड़ा 

चंडीगढ़ 18 नवंबर : हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एवं एसीबी) ने रेवाड़ी जिले में तैनात सहकारी समिति के सब-इंस्पेक्टर विक्रांत को 2,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने देबू कोऑपरेटिव लेबर एंड कंस्ट्रक्शन सोसायटी लिमिटेड, पाली की प्रोसीडिंग बुक का सत्यापन करने की एवज में शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की थी।

- प्रोसीडिंग बुक के सत्यापन के बदले मांगी थी रिश्वत

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने एसवी एवं एसीबी को शिकायत दी थी कि सहकारी समिति में तैनात सब-इंस्पेक्टर विक्रांत उसकी सोसायटी की प्रोसीडिंग बुक का सत्यापन करने के बदले अवैध रूप से रिश्वत मांग रहा है। आरोपी ने शुरुआत में 2,500 रुपये देने और शेष राशि काम पूरा होने के बाद देने की मांग की थी। शिकायत के आधार पर एसवी एवं एसीबी की रेवाड़ी यूनिट ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी सब-इंस्पेक्टर विक्रांत को शिकायतकर्ता से 2,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में थाना एसवी एवं एसीबी, गुरुग्राम में एफआईआर नंबर 48, दिनांक 18 नवंबर 2026, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

- ‘सतर्क हरियाणा’ ऐप और हेल्पलाइन के माध्यम से दें भ्रष्टाचार की सूचना

एसवी एवं एसीबी ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत ब्यूरो को दें। नागरिक ‘सतर्क हरियाणा’ मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे भ्रष्टाचार की शिकायत दर्ज करा सकते हैं। यह ऐप एप्पल ऐप स्टोर और गूगल प्ले स्टोर दोनों पर उपलब्ध है। शिकायतकर्ताओं की गोपनीयता को विशेष महत्व दिया जाएगा। आमजन से अपील है कि बिना किसी भय या संकोच के भ्रष्टाचार की सूचना दें और प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News