हरियाणा में थाना तैनात सब इंस्पेक्टर गिरफ्तार, 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते ACB ने पकड़ा

 | 
हरियाणा में थाना तैनात सब इंस्पेक्टर गिरफ्तार, 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते ACB ने पकड़ा 

Udaipur Times, Haryana news : हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ अपना अभियान जारी रखते हुए राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एंड एसीबी), हिसार की टीम ने थाना बास, जिला हिसार में तैनात सब इंस्पेक्टर अमृत सिंह को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

बेटे और रिश्तेदार को गिरफ्तार न करने के बदले मांगी थी रिश्वत

मामले के अनुसार, शिकायतकर्ता ने एसवी एंड एसीबी को शिकायत दी कि थाना बास में तैनात सब इंस्पेक्टर अमृत सिंह ने उसके बेटे और एक रिश्तेदार को एफआईआर संख्या 125/2026 में गिरफ्तार न करने तथा केस से उनके नाम हटवाने की एवज में 80 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।

80 हजार रुपये लेते रंगे हाथों दबोचा

शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एसवी एंड एसीबी यूनिट फतेहाबाद के निरीक्षक मनमोहन सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर जाल बिछाया गया। कार्रवाई के दौरान सब इंस्पेक्टर अमृत सिंह को शिकायतकर्ता से 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। इस कार्रवाई में राजपत्रित अधिकारी के रूप में पंचायत राज विभाग, ब्लॉक जाखल, जिला फतेहाबाद में तैनात एसडीई श्री बलवान सिंह मौजूद रहे। ट्रैप की पूरी कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 105 के प्रावधानों के तहत की गई।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज, जांच जारी

आरोपी सब इंस्पेक्टर अमृत सिंह के विरुद्ध एफआईआर संख्या 49, दिनांक 19 नवंबर 2026, धारा 308(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत थाना एसवी एंड एसीबी, हिसार में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा मामले में आगे की जांच जारी है।

आमजन से अपील

हरियाणा पुलिस आमजन से अपील करती है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी शिकायत एसवी एंड एसीबी के टोल-फ्री नंबर 1064 या 1800-180-2022 पर करें। व्हाट्सऐप नंबर 94178-91064 पर भी शिकायत भेजी जा सकती है। नागरिक ‘सतर्क हरियाणा’ मोबाइल ऐप के माध्यम से भी भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। शिकायतकर्ताओं की पहचान एवं गोपनीयता बनाए रखने को प्राथमिकता दी जाती है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News