टीम सत श्री अकाल ने शुरू किया पढ़ाई का लंगर
उदयपुर 19 दिसंबर 2025। टीम सत श्री अकाल के जयदीप सिंह सलूजा "सागर" ने बताया कि किसी भी समाज की तरक्की और उन्नति उसके युवाओं की शिक्षा और सकारात्मक भागीदारी पर निर्भर करती है। इसी दृष्टि से टीम सत श्री अकाल (#TEAM SSA) एवं गुरुद्वारा सच खंड संस्थान, सिख कॉलोनी के संयुक्त तत्वावधान में समाज के युवाओं को शिक्षा के क्षेत्र में सशक्त बनाने हेतु विशेष निःशुल्क क्रैश कोर्स “#पढ़ेगा यूथ तभी बढ़ेगा यूथ” का आयोजन किया जा रहा है।
टीम सत श्री अकाल के आयुष अरोड़ा ने बताया कि 10वीं कक्षा-गणित गौरव छतवानी द्वारा, 11वीं एवं 12वीं कक्षा-अर्थशास्त्र एवं बिज़नेस स्टडीज़ हरप्रीत सिंह द्वारा, 11वीं एवं 12वीं कक्षा-लेखा (Accountancy) रोमिला जैन द्वारा क्रैश कोर्स करवाया जा रहा है।
टीम सत श्री अकाल के अरविंदर सिंह बग्गा बताया कि बच्चों को उच्च स्तर की पढ़ाई एवं मार्गदर्शन निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।
इस अवसर पर गुरुद्वारा सच खंड संस्थान, सिख कॉलोनी के अध्यक्ष धर्मवीर सिंह सलूजा, सचिव दशनीत सिंह ने सभी विद्यार्थियों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएँ प्रेषित की।
