हरियाणा में तहसील का क्लर्क गिरफ्तार, 70 हजार रुपये की रिश्वत लेते ACB ने पकड़ा
Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़/पंचकूला : राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने पंचकूला जिले में कार्रवाई करते हुए रायपुर रानी तहसील में तैनात रजिस्ट्री क्लर्क अमित कुमार को 70,000 रुपये रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी ने प्लॉटों की खरीद-फरोख्त के संबंध में रजिस्ट्री करवाने के एवज में शिकायतकर्ता से एक लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी। बातचीत के बाद रिश्वत की राशि 70,000 रुपये तय हुई थी।
प्लॉटों की रजिस्ट्री के बदले मांगी थी रिश्वत
शिकायतकर्ता जिला पंचकूला में प्रॉपर्टी डीलर है। शिकायत के अनुसार, आरोपी अमित कुमार, रजिस्ट्री क्लर्क, तहसील रायपुर रानी द्वारा प्लॉटों की खरीद-फरोख्त से संबंधित रजिस्ट्री करवाने के एवज में उससे एक लाख रुपये रिश्वत की मांग की गई थी। बाद में यह राशि 70,000 रुपये तय हुई।
अपनी गाड़ी में रिश्वत की राशि रखने को कहा
आरोपी ने शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम तहसील परिसर में खड़ी अपनी गाड़ी में रखने के लिए कहा। आरोपी ने रिमोट चाबी से अपनी गाड़ी खोली, जिसके बाद शिकायतकर्ता ने निर्धारित राशि गाड़ी में रख दी। शिकायत के आधार पर एसीबी पंचकूला की टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी से गाड़ी खुलवाकर उसमें रखी गई 70,000 रुपये रिश्वत की राशि बरामद की गई। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी ई-साक्ष्य प्रणाली के माध्यम से की गई।
राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
यह ट्रैप कार्रवाई थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, पंचकूला की टीम द्वारा की गई। कार्रवाई के दौरान स्वतंत्र गवाह एवं राजपत्रित अधिकारी के रूप में श्री धर्मेंद्र, उपमंडल अधिकारी, जनस्वास्थ्य विभाग, पंचकूला मौजूद रहे। आरोपी के खिलाफ एफआईआर संख्या 14, दिनांक 9 अक्टूबर 2026, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, पंचकूला में मामला दर्ज किया गया है।
भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 105 के तहत प्रक्रिया का पालन
एसीबी द्वारा की गई इस कार्रवाई में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 105 के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया गया है। मामले में आगे की तलाशी और जांच जारी है।
भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत के लिए एसीबी से संपर्क करें
राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत एसीबी को दें। भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 अथवा 1800-180-2022 पर दी जा सकती है। इसके अतिरिक्त, व्हाट्सऐप हेल्पलाइन नंबर 94178-91064 पर भी शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है।