हरियाणा में तहसीलदार का कंप्यूटर ऑपरेटर गिरफ्तार, ₹20 हजार की रिश्वत लेते ACB ने पकड़ा

 | 
हरियाणा में तहसीलदार का कंप्यूटर ऑपरेटर गिरफ्तार, ₹20 हजार की रिश्वत लेते ACB ने पकड़ा 

Udaipur Times, चंडीगढ़ 17 नवंबर : हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एवं एसीबी) की रोहतक टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सोनीपत तहसील कार्यालय में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर मंजीत को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मंजीत (46 वर्ष), निवासी गांव थाना खुर्द, तहसील खरखौदा, जिला सोनीपत के रूप में हुई है। आरोपी डीआईटीएस नीति के तहत श्रेणी-डी में कार्यरत था। उसने शिकायतकर्ता से जमीन की तकसीम की नकल उपलब्ध करवाने की एवज में 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।

जमीन की तकसीम की नकल देने के बदले मांगी थी रिश्वत

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने अपनी जमीन की तकसीम की नकल प्राप्त करने के लिए तहसील कार्यालय, सोनीपत में संपर्क किया था। इस कार्य के लिए उसे कार्यालय के कई चक्कर लगाने पड़े। आरोप है कि इसके बाद कंप्यूटर ऑपरेटर मंजीत ने जमीन की तकसीम की नकल उपलब्ध करवाने के बदले उससे 20 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था और उसने इसकी शिकायत एसवी एवं एसीबी को दी। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए ब्यूरो की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। इंस्पेक्टर भगत सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी मंजीत को तहसील कार्यालय, सोनीपत में शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। पूरी कार्रवाई स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में पारदर्शिता के साथ की गई।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज

इस संबंध में एसवी एवं एसीबी थाना रोहतक में एफआईआर नंबर 39, दिनांक 17 नवंबर 2026, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर हो रही कार्रवाई : डॉ. ए.एस. चावला

राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हरियाणा के निदेशक डॉ. ए.एस. चावला ने कहा कि भ्रष्टाचार में संलिप्त कोई भी व्यक्ति बख्शा नहीं जाएगा और उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लक्ष्य को हासिल किया जा सके।

‘सतर्क हरियाणा’ ऐप और हेल्पलाइन के माध्यम से दें भ्रष्टाचार की सूचना

डॉ. चावला ने आमजन से अपील की कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत ब्यूरो को दें। नागरिक ‘सतर्क हरियाणा’ मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे भ्रष्टाचार की शिकायत दर्ज करा सकते हैं। यह ऐप एप्पल ऐप स्टोर और गूगल प्ले स्टोर दोनों पर उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त, टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064, 1800-180-2022 तथा व्हाट्सऐप नंबर 94178-91064 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। शिकायतकर्ताओं की गोपनीयता को विशेष महत्व दिया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से भ्रष्टाचार के विरुद्ध बिना किसी भय या संकोच के आवाज उठाने और प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News