शाही अंदाज में पैलेस में निकला ठाकुरजी का वैवाण


शाही अंदाज में पैलेस में निकला ठाकुरजी का वैवाण

श्री एकलिंगजी ट्रस्ट से संबंधित विभिन्न मंदिरों सहित कैलाशपुरी एवं सिटी पैलेस प्रांगण में गुरूवार को जलझूलनी एकादशी पर्व श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाकर ठाकुरजी के नयनाभिराम जल हिण्डोलने के शृंगार कराए गए।

 

शाही अंदाज में पैलेस में निकला ठाकुरजी का वैवाण

श्री एकलिंगजी ट्रस्ट से संबंधित विभिन्न मंदिरों सहित कैलाशपुरी एवं सिटी पैलेस प्रांगण में गुरूवार को जलझूलनी एकादशी पर्व श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाकर ठाकुरजी के नयनाभिराम जल हिण्डोलने के शृंगार कराए गए।

शाम को भव्य रामरेवाडिय़ां निकाली गई तथा प्रसाद वितरित किया गया, जिसमें पैलेस के सभी अधिकारियों ने परंपरागत वेशभूषा पहन कर भाग लिया।

सिटी पैलेस स्थित मंदिर श्री बाणनाथजी से ठाकुरजी ज्ञानरायजी, पीताम्बर राय जी एवं बाणनाथ जी की परंपरानुसार विशाल शोभायात्रा निकली। सिटी पैलेस ऑर्गेनाइजेशन के बैण्ड बाजों की मधुर धुनों के साथ ठाकुरजी की रामरेवाड़ी के आगे सुरक्षा प्रहरियों की टुकडिय़ां मार्च पास्ट करते हुए चल रही थी। शोभायात्रा में पैलेस ऑर्गेनाइजेशन के आकर्षक ढंग से सजे-धजे अश्व मय घुड़सवार के साथ चल रहे थे। इसके बाद चांदी की रामरेवाड़ी में सवार ज्ञानरायजी को पैलेस के श्रद्धालु चंवर ढुलाते हुए चल रहे थे।

शोभायात्रा में ठाकुरजी को पूरे मार्ग में पुष्प वर्षा के साथ ले जाया गया। शोभायात्रा जनाना महल, बड़ा चौक, फतहपोल होती हुई रामेश्वर घाट पहुंची, जहां ठाकुरजी को स्नान, ध्यान कराया गया तथा पूजा-अर्चना की गई। मेवाड़ राजघराने के श्रीजी अरविन्द सिंह जी मेवाड़ के प्रतिनिधि के रूप में राजपुरोहित ने ठाकुरजी की पूजा-अर्चना की तथा उन्हें नया जलग्रहण करवाया। यहां जल हिंडोलने के मनोरथ हुए। धर्म सभा के पदाधिकारियों ने अन्य संस्कार पूर्ण करवाए। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाओं ने परंपरागत वस्त्रादि पहन कर भाग लिया तथा शोभायात्रा के दौरान इस दिन गाए जाने वाले गीतों को गाते हुए चल रही थी।

शोभायात्रा में मेवाड़ पैलेस ऑर्गेनाइजेशन के वाणिज्यिक व गैर वाणिज्यिक संस्थानों के सभी अधिकारी, कर्मचारी अपने परंपरागत समारोह परिधान सफेद सूट व पगड़ी पहने साथ चल रहे थे। शोभायात्रा पूजा-अर्चना पश्चात पुन: इसी मार्ग पर होते हुए मंदिर श्री बाणनाथजी मंदिर पहुंची जहां बड़ी आरती की गई।

कैलाशपुरी स्थित परमेश्वराजी महाराज श्री एकलिंगजी मंदिर से गणेशजी की चल प्रतिमा की रामरेवाड़ी श्रद्धालुओं के जय-जय घोष के साथ दोपहर बाद निकलीं। शोभायात्रा के आगे पैलेस का बैण्ड व कर्मचारी चल रहे थे। शोभायात्रा में गांव के आसपास के सैकड़ों श्रद्धालु उमड़े। श्रद्धालुओं ने ठाकुरजी के रथ पर श्रीफल चढ़ाकर दर्शनादि किए।

शोभायात्रा गांव के विभिन्न मार्गों से होती हुई इन्द्रसागर तालाब पहुंची। दोपहर से शाम तक यहां गणेशजी की पूजा की गई तथा विभिन्न संस्कार पूर्ण किए गए। श्रद्धालुओं की जय-जयकार के बीच इन्द्रसागर तालाब पहाड़ी पर आतिशबाजी की गई। बाद में शोभायात्रा पुन: मंदिर पहुंची, जहां ठाकुरजी को जल में झुलाया गया और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal

Tags