थार है समुंदरी जहाज नहीं ! युवक ने नदी में घुसाई SUV, बीच धारा में फंसते ही निकल गई हेकड़ी, मच गई चीख-पुकार
Udaipur Times, Thar Viral Video : आजकल सोशल मीडिया पर वायरल होने की सनक इस तरह से लोगों में है कि वो अपनी जान जोखिम में डालने से भी बाज नहीं आते हैं। ऐसा ही एक मामला उत्तराखंड के हरिद्वार के बजरीवाला क्षेत्र से सामने आया है। यहां कुछ युवकों ने रील बनाने और थार की ऑफ-रोडिंग क्षमता दिखाने के लिए अपनी एसयूवी (SUV) को गंगा नदी में उतार दिया। लेकिन कुछ ही देर में उनका यह स्टंट जानलेवा साबित होने लगा।
अचानक बढ़ा जलस्तर, नदी के बीच फंस गई थार (Thar)
घटना के वक्त मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि, युवक थार (Thar) के इंजन और ऑफ-रोड क्षमता को परखने के लिए गंगा के किनारे पहुंचे थे। वे नदी के भीतर गाड़ी चला रहे थे कि तभी पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के कारण गंगा का जलस्तर अचानक बढ़ने लगा। तेज बहाव और नदी के तल में फंसने से थार बीच धारा में बंद हो गई और धीरे-धीरे पानी में डूबने लगी।
मदद के लिए मचाई चीख-पुकार
गाड़ी में सवार दो युवकों ने स्थिति बिगड़ते ही मदद के लिए शोर मचाया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद स्थानीय लोगों ने रस्सी से थार को बांधकर बहने से रोका।
क्रेन से बाहर निकाली गई गाड़ी
घटना की सूचना मिलते ही कनखल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन बुलाकर काफी मशक्कत के बाद थार को नदी से बाहर निकलवाया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पुलिस ने थार की सीज
जांच में सामने आया कि युवक सोशल मीडिया के लिए रील बनाने और स्टंट करने के उद्देश्य से वाहन को गंगा में लेकर गए थे। पुलिस ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए थार को मौके पर ही सीज कर दिया। बताया गया कि यह कार्रवाई 'ऑपरेशन प्रहार' (Operation Prahar) के तहत की गई है, जिसके तहत सार्वजनिक स्थानों पर स्टंटबाजी और लोगों की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की चेतावनी
सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने कहा कि बरसात के मौसम में नदियों का जलस्तर कभी भी अचानक बढ़ सकता है। ऐसे में नदी के भीतर वाहन ले जाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि अपनी और दूसरों की जान को भी खतरे में डालना है। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर लोकप्रिय होने के लिए इस तरह की लापरवाही न करने की अपील की।
रुड़की में भी हुआ हादसा
वहीं, हरिद्वार जिले के रुड़की में पहली ही बारिश के दौरान जलभराव के बीच एक युवक अपनी बुलेट मोटरसाइकिल समेत खुले नाले में गिर गया। स्थानीय लोगों ने समय रहते उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया, हालांकि उसकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। युवक ने नगर निगम पर खुले नालों पर बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड नहीं लगाने का आरोप लगाया।
