दिल्ली से हरियाणा 197 KM लंबा रेलमार्ग होगा फोरलेन, जाने किन गांवों को मिलेगा फायदा ?
Udaipur Times, New Delhi : उत्तर रेलवे द्वारा देश के सबसे व्यस्ततम रेलखंडों में शामिल दिल्ली-पानीपत-अंबाला रेलमार्ग को फोरलेन (4-लेन कॉरिडोर) में अपग्रेड करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस परियोजना के तहत वर्तमान 2-लेन वाले 197 किलोमीटर लंबे मार्ग पर तीसरी और चौथी पटरी बिछाई जाएगी।
इसके लिए हरियाणा के सोनीपत जिले की 3 तहसीलों के 21 गांवों की जमीन अधिग्रहण का प्रस्ताव जिला प्रशासन को भेज दिया गया है।
परियोजना की मुख्य बातें
कुल लागत: ₹5,983 करोड़
परियोजना की लंबाई: 197 किलोमीटर रेलखंड (कुल 420.41 किमी नई ट्रैक लंबाई)
लक्ष्य अवधि: 4 वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
इंफ्रास्ट्रक्चर विकास: 2 नए रेलवे ओवरब्रिज (ROB) और 77 नए रेलवे अंडरब्रिज (RUB) बनाए जाएंगे।
प्रभावित जिले: सोनीपत (21 गांव), पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र और अंबाला।
सोनीपत के इन 21 गांवों की जमीन होगी अधिग्रहित
उत्तर रेलवे ने सोनीपत जिले की तीन तहसीलों के 21 गांवों में भूमि चिन्हित की है:
राई तहसील (5 गांव - 2.1604 हेक्टेयर)
मुनीरपुर, सफीयाबाद का पाना पसोसियान, अकबरपुर बारोटा, सफीयाबाद खेड़ी मनाजात और खेड़ी मनाजात।
सोनीपत तहसील (10 गांव - 7.4381 हेक्टेयर)
कालूपुर, पट्टी जट्टान, पट्टी मुसलमान, हरसाना कलां, हरसाना खुर्द, जगदीशपुर, नसीरपुर बांगर, बैंयापुर, जाहरी और थरिया व कामी।
गन्नौर तहसील (6 गांव - 5.9293 हेक्टेयर)
भूर्री, राजपुर, राजलू, गन्नौर, पांची गुजरान और जफरपुर
परियोजना का महत्व और लाभ
ट्रेनों की लेट-लतीफी से मुक्ति: वर्तमान में इस मार्ग पर रोजाना 200 से अधिक एक्सप्रेस, पैसेंजर और मालगाड़ियां गुजरती हैं। 4 लेन बनने के बाद क्रॉसिंग या सिग्नल क्लीयरेंस के लिए ट्रेनों के रुकने की समस्या समाप्त होगी।
समय की भारी बचत: दिल्ली से हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर जाने वाले लाखों रेल यात्रियों का सफर समय पर पूरा हो सकेगा।
माल ढुलाई में आसानी: औद्योगिक क्षेत्रों (सोनीपत, पानीपत, लुधियाना आदि) से माल ढुलाई वाली ट्रेनों को अलग ट्रैक मिलेगा, जिससे व्यापार को रफ्तार मिलेगी।