PM Kisan की 23वीं किस्त जारी, खाते में नहीं आए दो हजार रुपये तो तुरंत करें ये काम
Udaipur Times, PM Kisan 23rd Installment 2026 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 20 जून (शनिवार) को पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना की 23वीं किस्त जारी की। इस किस्त के तहत देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक किसान परिवारों के बैंक खातों में 18,880 करोड़ रुपये सीधे ट्रांसफर किए गए।
PM-KISAN योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि 2,000 रुपये की तीन बराबर किस्तों में सीधे बैंक खाते में भेजी जाती है।
खाते में 2,000 रुपये नहीं आने के कारण
अगर आपके खाते में 23वीं किस्त की राशि नहीं पहुंची है तो इसके पीछे कई वजह हो सकती हैं। इनमें ई-केवाईसी (e-KYC) पूरा न होना, भूमि रिकॉर्ड का सत्यापन नहीं होना, बैंक खाते या व्यक्तिगत जानकारी में गलती जैसी समस्याएं शामिल हैं।
ऐसे चेक करें 23वीं किस्त का स्टेटस
PM-KISAN पोर्टल से
PM-KISAN की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
होमपेज पर "Know Your Status" ऑप्शन पर क्लिक करें।
आधार नंबर, PM-KISAN आईडी या पंजीकृत मोबाइल नंबर दर्ज करें।
कैप्चा भरकर "Get Status" पर क्लिक करें।
स्क्रीन पर किस्त की स्थिति, ट्रांसफर की तारीख और लाभार्थी की जानकारी दिखाई देगी।
मोबाइल ऐप से भी कर सकते हैं जांच
Google Play Store से PM-KISAN मोबाइल ऐप डाउनलोड करें।
ऐप खोलकर "Beneficiary Status" ऑप्शन चुनें।
आधार या मोबाइल नंबर दर्ज करें।
इसके बाद सभी किस्तों का विवरण स्क्रीन पर दिखाई देगा।
बैंक खाते में भी करें जांच
PM-KISAN की राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में भेजी जाती है। राशि जमा होने पर बैंक की ओर से SMS भी भेजा जाता है।
यदि SMS नहीं मिला है तो बैंक शाखा में जाकर पासबुक अपडेट कराएं। मोबाइल बैंकिंग से बैलेंस चेक करें। आधार आधारित बैंकिंग सेवाओं का उपयोग करें।
पैसा नहीं मिला तो क्या करें?
यदि सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बावजूद राशि नहीं मिली है तो किसान PM-KISAN हेल्पलाइन 1800-180-1551 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) जाकर e-KYC, आवेदन सुधार और अन्य समस्याओं का समाधान कराया जा सकता है। जरूरत पड़ने पर CPGRAMS पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज की जा सकती है।
किसानों के लिए राहत
सरकार का कहना है कि DBT के जरिए राशि सीधे खातों में भेजी जा रही है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है और किसानों को बिना किसी बिचौलिये के आर्थिक सहायता मिल रही है। PM-KISAN योजना देश के करोड़ों किसानों के लिए महत्वपूर्ण सहायता योजना बनी हुई है।
