सगाई से एक दिन पहले आया BPSC रिजल्ट, होने वाली दुल्हन 186वीं रैंक के साथ बन गई अधिकारी

 | 
सगाई से एक दिन पहले आया BPSC रिजल्ट, होने वाली दुल्हन 186वीं रैंक के साथ बन गई अधिकारी 

Udaipur Times, Success Story of BPSC Topper Tanu Kumari : पटना की रहने वाली तनु कुमारी की सफलता इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। उनकी सगाई की तैयारियां चल रही थीं, तभी एक ऐसी खुशखबरी आई जिसने दोनों परिवारों की खुशी दोगुनी कर दी। सगाई से ठीक एक दिन पहले 70वीं BPSC परीक्षा का रिजल्ट आया और तनु ने पहले ही प्रयास a 186वीं रैंक हासिल कर क्लास-1 अधिकारी बनने का सपना पूरा कर लिया।

तनु का चयन म्यूनिसिपल एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (नगर कार्यपालक पदाधिकारी) के पद पर हुआ है। उनके होने वाले पति पहले ही 69वीं BPSC में चयनित होकर राजस्व अधिकारी (Revenue Officer) के पद पर कार्यरत हैं। अब शादी से पहले दूल्हा और दुल्हन दोनों ही सरकारी अधिकारी बन चुके हैं।

मंगेतर बने सबसे बड़े मार्गदर्शक

तनु ने बताया कि 69वीं BPSC में कम उम्र के कारण वह शामिल नहीं हो सकी थीं। इसके बाद उनके मंगेतर ने पूरी तैयारी में उनका मार्गदर्शन किया। दोनों साथ मिलकर पढ़ाई करते थे और तनु रोजाना सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक करीब 12 घंटे लाइब्रेरी में पढ़ाई करती थीं। उनकी मेहनत और सही रणनीति ने उन्हें पहले ही प्रयास में सफलता दिला दी।

सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं

एक इंटरव्यू में तनु ने कहा कि किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। नियमित पढ़ाई, सही रणनीति और धैर्य के साथ की गई तैयारी ही सफलता दिलाती है। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को सोशल मीडिया और अनावश्यक चीजों से दूरी बनाकर अपने लक्ष्य पर फोकस करने की सलाह दी।

75 साल की दादी भी बनीं सफलता की साथी

तनु ने अपनी सफलता का श्रेय सिर्फ अपने माता-पिता को ही नहीं, बल्कि होने वाले सास-ससुर, मंगेतर और 75 वर्षीय दादी को भी दिया। उन्होंने बताया कि पढ़ाई के दौरान उनकी दादी रोज उनके लिए चाय लेकर आती थीं, जबकि होने वाले ससुर, जो बिहार सरकार में अधिकारी रह चुके हैं, उन्होंने भी हर कदम पर उनका मार्गदर्शन किया। BPSC इंटरव्यू के दौरान दोनों परिवार उनके साथ मौजूद थे।

भावुक हुईं होने वाली सास

तनु की सफलता से उनकी होने वाली सास मीना कुमारी भी भावुक हो गईं। उन्होंने तनु को गले लगाकर फिल्मी गीत "तुझे सूरज कहूं या चंदा" गाकर अपना प्यार जताया। सास-बहू का यह भावुक पल सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हो रहा है।

अब DSP बनने का है सपना

पटना विश्वविद्यालय से इतिहास विषय में स्नातक करने वाली तनु का चयन भले ही नगर कार्यपालक पदाधिकारी के पद पर हो गया हो, लेकिन उनका सपना अभी भी बिहार पुलिस में DSP बनने का है। वह आगे भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जारी रखेंगी।

70वीं BPSC में 2,027 अभ्यर्थियों का हुआ चयन

बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने 20 जून 2026 को 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा का परिणाम घोषित किया था। इस परीक्षा में कुल 2,027 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति SDM, DSP समेत विभिन्न प्रशासनिक पदों पर की जाएगी।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News