बुलेट ट्रेन से बदलेगी पूरी तस्वीर ! रियल स्टेट से लेकर पर्यटन तक यहां खुलेंगे निवेश के अवसर ?
Udaipur Times, Delhi-Varanasi Bullet Train Corridor : केंद्र सरकार ने हाल ही में नए बुलेट ट्रेन कॉरिडोर का ऐलान किया है। करीब 865 किलोमीटर लंबे इस प्रस्तावित हाई-स्पीड रेल नेटवर्क से दिल्ली, जेवर एयरपोर्ट, लखनऊ, प्रयागराज और वाराणसी आपस में जुड़ जाएंगे। परियोजना के पूरा होने के बाद दिल्ली से लखनऊ का सफर महज दो घंटे में पूरा हो सकेगा, जबकि दिल्ली से वाराणसी पहुंचने में सिर्फ चार घंटे लगेंगे। वहीं, प्रयागराज से लखनऊ की दूरी 55 मिनट और वाराणसी की दूरी केवल 30 मिनट में तय की जा सकेगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना केवल परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश के टियर-2 शहरों के बीच आर्थिक विकास और रियल एस्टेट का नया गलियारा भी तैयार करेगी।
बुलेट ट्रेन कॉरिडोर से बनेंगे विकास के नए केंद्र
रियल एस्टेट क्षेत्र के जानकारों का कहना है कि बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट किसी भी इलाके के विकास की दिशा तय करते हैं। यही वजह है कि दिल्ली-लखनऊ-वाराणसी बुलेट ट्रेन कॉरिडोर को केवल एक परिवहन परियोजना नहीं, बल्कि क्षेत्रीय विकास के नए इंजन के रूप में देखा जा रहा है।
प्रतीक ग्रुप के एमडी प्रतीक तिवारी का कहना है कि किसी भी शहर की विकास क्षमता उसकी कनेक्टिविटी से तय होती है। यह बुलेट ट्रेन परियोजना उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख शहरों को नए आर्थिक गलियारे में बदल सकती है। इससे लोगों की आवाजाही बढ़ेगी, व्यापार को गति मिलेगी और संगठित आवासीय परियोजनाओं की मांग में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिलेगी।
प्रयागराज में इन जगहों पर बन सकता है बुलेट ट्रेन स्टेशन
हाल ही में प्रयागराज में हुई समीक्षा बैठक में बुलेट ट्रेन स्टेशन के संभावित स्थानों और वहां तक पहुंचने के लिए बुनियादी ढांचे पर चर्चा की गई। अधिकारियों के अनुसार, स्टेशन को मेट्रो, प्रमुख सड़कों और सार्वजनिक परिवहन सेवाओं से जोड़ने की योजना बनाई जा रही है।
प्रयागराज में बुलेट ट्रेन स्टेशन के लिए नीबी खुर्द, शांतिपुरम, प्रयाग स्टेशन क्षेत्र, परेड ग्राउंड और एयरपोर्ट के आसपास के इलाकों पर विचार किया जा रहा है। जहां भी स्टेशन और उससे जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास होगा, वहां आधुनिक टाउनशिप, होटल, कॉमर्शियल प्रोजेक्ट और नए निवेश के अवसर पैदा होने की संभावना है।
रियल एस्टेट को मिलेगा बड़ा फायदा
विशेषज्ञों का मानना है कि बेहतर कनेक्टिविटी से लखनऊ, प्रयागराज और वाराणसी जैसे शहरों में निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ेगी। इससे नए आवासीय, व्यावसायिक और मिश्रित उपयोग वाली परियोजनाओं को बढ़ावा मिलेगा और जमीन की कीमतों में भी तेजी आ सकती है।
मिगसन ग्रुप के एमडी यश मिगलानी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में एयरपोर्ट, एक्सप्रेसवे और हाई-स्पीड रेल जैसी परियोजनाएं मिलकर विकास का ऐसा नेटवर्क तैयार कर रही हैं, जिसका सीधा लाभ रियल एस्टेट, उद्योग और सेवा क्षेत्र को मिलेगा।
एक शहर में रहकर दूसरे शहर में कर सकेंगे नौकरी
अग्रशील इंफ्राटेक की सीईओ प्रेक्षा सिंह का कहना है कि हाई-स्पीड कनेक्टिविटी और आधुनिक परिवहन नेटवर्क विकसित होने से आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलती है। दिल्ली-वाराणसी बुलेट ट्रेन कॉरिडोर भी उत्तर प्रदेश के कई शहरों के लिए ऐसा ही अवसर लेकर आएगा।
इस परियोजना के बाद लोग एक शहर में रहकर दूसरे शहर में काम करने के लिए प्रेरित होंगे। इससे नए आवासीय क्षेत्रों, आधुनिक टाउनशिप और कम्यूटर शहरों की मांग तेजी से बढ़ सकती है।
पर्यटन और कारोबार को भी मिलेगा बढ़ावा
महाकुंभ, माघ मेला और काशी जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों तक आसान पहुंच इस परियोजना का एक बड़ा लाभ माना जा रहा है। बेहतर कनेक्टिविटी से धार्मिक पर्यटन और उससे जुड़े कारोबार को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
कुल मिलाकर, दिल्ली-लखनऊ-वाराणसी बुलेट ट्रेन कॉरिडोर केवल एक परिवहन परियोजना नहीं, बल्कि उत्तर भारत के विकास की नई कहानी लिखने वाला इंफ्रास्ट्रक्चर नेटवर्क साबित हो सकता है। इसके जरिए एनसीआर और उत्तर प्रदेश के टियर-2 शहरों के बीच भौगोलिक ही नहीं, बल्कि आर्थिक दूरी भी काफी हद तक कम हो जाएगी।
