धूप में खड़ी करते ही चार्ज होगी कार ! 7.64 लाख रुपये की कीमत वाली 4 सीटर Solar EV ने मचाई धूम

 | 
धूप में खड़ी करते ही चार्ज होगी कार ! 7.64 लाख रुपये की कीमत वाली 4 सीटर Solar EV ने मचाई धूम  

Udaipur Times, Electric Solar Cars : इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) के दौर में अब सोलर तकनीक से लैस कारें भी बाजार में दस्तक दे रही हैं। Solarky Mobility Technologies ने अपनी छोटी 4-सीटर सोलर इलेक्ट्रिक कार SunV लॉन्च की है। इस कार का उत्पादन 2025 के अंत में थाईलैंड और 2026 में इंडोनेशिया में शुरू हो चुका है। कंपनी ने इसे खास तौर पर शहर में रोजमर्रा के छोटे सफर और कम दूरी की यात्रा के लिए तैयार किया है। फिलहाल भारत में इसकी लॉन्चिंग को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है।

धूप से खुद चार्ज होगी बैटरी

SunV की सबसे बड़ी खासियत इसका ओपनिंग सोलर रूफ है। पार्किंग के दौरान धूप में खड़ी रहने पर इसकी सोलर पैनल वाली छत अपने आप खुल जाती है और बैटरी चार्ज करने लगती है। कंपनी का दावा है कि अच्छी धूप मिलने पर यह रोजाना 50 से 55 किलोमीटर तक की अतिरिक्त फ्री ड्राइविंग रेंज दे सकती है।

धूप में खड़ी करते ही चार्ज होगी कार !

एक चार्ज में 200 KM तक की रेंज

इस कार में 10.2 kWh लिथियम आयरन फॉस्फेट (LFP) बैटरी दी गई है। बिना सोलर चार्जिंग के यह कार एक बार फुल चार्ज पर 150 किलोमीटर तक चल सकती है। वहीं, रात में चार्ज करने और दिन में धूप से बैटरी चार्ज होने पर इसकी कुल रेंज करीब 200 किलोमीटर तक पहुंच सकती है।

कॉम्पैक्ट डिजाइन और हल्का वजन

SunV की लंबाई 10.3 फीट और चौड़ाई 4.9 फीट है, जिससे इसे ट्रैफिक और संकरी गलियों में आसानी से चलाया जा सकता है। कार का ग्राउंड क्लियरेंस 190 मिमी है। एल्यूमिनियम चेसिस और प्लास्टिक बॉडी की वजह से इसका कुल वजन सिर्फ 660 किलोग्राम है।

80 KM/H की टॉप स्पीड

इस इलेक्ट्रिक कार में 15 kW का रियर इलेक्ट्रिक मोटर दिया गया है, जो 63 lb-ft टॉर्क पैदा करता है। इसकी अधिकतम रफ्तार 80 किमी/घंटा है, जो शहर में रोजमर्रा की ड्राइविंग के लिए उपयुक्त मानी जाती है। इसे सामान्य घरेलू बिजली के सॉकेट से भी चार्ज किया जा सकता है और बैटरी को पूरी तरह चार्ज होने में करीब 8 घंटे लगते हैं।

धूप में खड़ी करते ही चार्ज होगी कार !

मिलेंगे स्मार्ट फीचर्स

SunV में 4 लोगों के बैठने की व्यवस्था है। इसके अलावा इसमें कई आधुनिक फीचर्स दिए गए हैं, जिनमें-

10.3 इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम
कीलेस एंट्री
रियर व्यू कैमरा
पार्किंग सेंसर
सुपर ईको मोड
सिंथेटिक लेदर सीटें

कार में पीछे 70 से 80 लीटर का बूट स्पेस मिलता है, जबकि पीछे की सीटें फोल्ड करने पर यह बढ़कर 800 लीटर तक हो जाता है।

कीमत और उपलब्धता

थाईलैंड में SunV की शुरुआती कीमत 7,950 अमेरिकी डॉलर (करीब 7.64 लाख रुपये) रखी गई है। इंडोनेशिया में इसे MAB ब्रांड के तहत लॉन्च किया गया है। कंपनी भविष्य में इस कार को दक्षिण-पूर्व एशिया और अफ्रीका के अन्य देशों में भी उतारने की योजना बना रही है। फिलहाल भारत में इसकी लॉन्चिंग को लेकर कोई घोषणा नहीं की गई है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News