₹26 प्रति किलो के रेट पर कंपनी खरीदेगी डेजी किन्नू: सिरसा के किसान ने रिस्क लेकर लगाया था बाग, भाव मिलने पर चेहरे पर आई खुशी
Udaipur Times, Haryana News, सिरसा : हरियाणा के सिरसा जिले में डेजी शाह किन्नू की खेती करने वाले किसानों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। कालुआना गांव निवासी किसान संदीप कुमार भादू के डेजी शाह किन्नू के बाग का सौदा ₹26 प्रति किलो के हिसाब से तय हुआ है। किसानों का दावा है कि यह इस सीजन में डेजी किन्नू का अब तक का सबसे ऊंचा भाव है। निजी कंपनी के साथ हुए करारनामे के अनुसार कंपनी किसान को डेजी शाह किन्नू के लिए प्रति किलो ₹26 का रेट देगी। किसान के पास इस सौदे से संबंधित इकरारनामा कॉपी भी है।
डेजी शाह किन्नू किन्नू में ही नई वैरायटी है। किसान के अनुसार इसकी खास बात यह है कि जरूरत पड़ने पर इसकी सिंचाई जमीनी पानी से भी की जा सकती है और इससे कोई दिक्कत नहीं होती। किसान ने बताया कि इस वैरायटी में बीमारी भी कम आती है। यह किस्म रसदार होती है और जल्दी पककर तैयार हो जाती है। इसकी खेती डबवाली के कुछ एरिया में भी होती है।
रिस्क लेकर शुरू की थी डेजी शाह की खेती
कालुआना निवासी किसान **संदीप भादू ने बताया कि उन्होंने करीब 5 साल पहले डेजी शाह फल की खेती यानी बागवानी शुरू की थी।** इससे पहले उनके पास करीब 8 एकड़ में अमरूद का बाग था, लेकिन अमरूद का बाग सही तरीके से नहीं चल पाया। करीब चार साल बाद उन्हें पूरा बाग ही उखाड़ना पड़ा।
इसके बाद उन्होंने डेजी शाह की खेती में हाथ आजमाया। किसान के पास वर्तमान में दो एकड़ में किन्नू और दो एकड़ में लाल माल्टा का बाग भी है। किसान का कहना है कि बागवानी में अमरूद और किन्नू में सफलता नहीं मिलने के बाद उन्होंने रिस्क लेकर डेजी शाह की खेती शुरू की और अब इसका फायदा उन्हें अच्छे भाव के रूप में मिला है।
जमीनी पानी से भी कर सकते हैं सिंचाई
संदीप भादू ने बताया कि डेजी शाह किन्नू में ही नई वैरायटी है और इसे डेजी शाह कहा जाता है। इस वैरायटी में जरूरत पड़ने पर जमीनी पानी से भी सिंचाई की जा सकती है। उन्होंने बताया कि किन्नू में आमतौर पर नहरी पानी से ही सिंचाई की जाती है और इसमें रोग आने की संभावना भी ज्यादा रहती है।
किसान के अनुसार बारिश के मौसम में फल पीला हो जाता है और रोगग्रस्त होने की संभावना रहती है। इसके लिए टैंकर नाम से बीमारी का स्प्रे करना पड़ता है, जिससे बीमारी नहीं आती। डेजी शाह में किसान को सिंचाई और बीमारी के मामले में कुछ राहत मिलती है।
चौटाला और तेजाखेड़ा में ₹21 से ₹22 किलो तक सौदे
संदीप भादू ने बताया कि आसपास के गांव चौटाला और तेजाखेड़ा में डेजी शाह का ₹21 से ₹22 प्रति किलो के हिसाब से सौदा तय हुआ है। वहीं उनके बाग की वैरायटी अच्छी होने के कारण उनके डेजी शाह किन्नू का सौदा ₹26 प्रति किलो के हिसाब से हुआ है।
किसान के अनुसार उनके बाग का ₹26 किलो में हुआ सौदा अब तक का सबसे ऊंचा भाव है। निजी कंपनी के साथ करारनामे के तहत कंपनी यह रेट देगी।
कालुआना में सबसे पहले शुरू की थी डेजी शाह की खेती**
किसान संदीप भादू के अनुसार कालुआना में उन्होंने ही सबसे पहले डेजी शाह की शुरुआत की थी। वे पहले से ही खेती करते आए हैं और बागवानी में भी प्रयोग करते रहे हैं। अमरूद और किन्नू की खेती में अपेक्षित सफलता नहीं मिलने के बाद उन्होंने नई वैरायटी डेजी शाह पर रिस्क लिया।
अब जब उनकी फसल का सौदा ₹26 प्रति किलो के भाव पर तय हुआ है तो किसान संदीप भादू और उनके परिवार में खुशी है। उनका कहना है कि रिस्क लेकर शुरू की गई खेती का अब फायदा मिल रहा है।
संदीप भादू ने बताया कि उनके परिवार में चाचा सहित सभी के पास कुल करीब 46 एकड़ में बाग हैं, जबकि उनके अपने पास करीब 8 एकड़ में बाग है।