यहां लगेगा देश का सबसे बड़ा सेमीकंडक्टर प्लांट, 27 हजार करोड़ के निवेश से हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार

 | 
यहां लगेगा देश का सबसे बड़ा सेमीकंडक्टर प्लांट, 27 हजार करोड़ के निवेश से हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार 

Udaipur Times, New Delhi : देश वासियों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। असम के जागीरोड, मोरीगांव में बन रहा टाटा समूह का सेमीकंडक्टर प्लांट देश का सबसे बड़ा सेमीकंडक्टर प्रोजेक्ट है। पूरी तरह से चालू होने पर इस प्लांट की उत्पादन क्षमता रोजाना करीब 4.8 करोड़ सेमीकंडक्टर चिप्स तक होने की उम्मीद है। करीब 592 एकड़ में फैले इस प्लांट में ट्रायल रन चालू हो चुका है। 

यहां वायर बॉन्डिंग, फ्लिप चिप और इंटीग्रेटेड सिस्टम पैकेजिंग सहित एडवांस सेमीकंडक्टर पैकेजिंग टेक्नोलॉजी का उपयोग होगा। यहां बनी चिप से ऑटोमोटिव, इलेक्ट्रिक वाहन, टेलीकम्युनिकेशन और कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे क्षेत्रों की जरूरत पूरी होगी। प्लांट बना रही इलेक्ट्रॉनिक्स का कहना है कि ये प्लांट 27 से 40 हजार प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार देने की क्षमता रखता है।

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के मुताबिक, इस साल दिसंबर या 2027 जनवरी में पीएम मोदी इस प्लांट का औपचारिक उद्घाटन कर सकते हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक यह दुनिया की सबसे बड़ी सेमीकंडक्टर असेंबली और टेस्ट फैसिलिटी होगी।

27 हजार करोड़ निवेश, करीब 40 हजार जॉब पैदा होंगे

डेवलपर:टाटा सेमीकंडक्टर असेंबली

लोकेशन:जागीरोड, मोरीगांव, असम

निवेश:27 हजार करोड़ रुपए

रोजगार:करीब 27-40 हजार जॉब

क्षमता:करीब 4.8 करोड़ चिप रोजाना

एरिया:592 एकड़ में बन रहा है प्लांट

वाइब्रेशन, पॉल्यूशन से बचाव के उपाय

ये सेमीकंडक्टर प्लांट घने जंगल में बना है। यहां जंगली हाथियों के झुंड घूमते हैं। सेमीकंडक्टर उत्पादन में नैनोमीटर स्तर की सटीकता जरूरी है। हाथी का भारी कदम इतना वाइब्रेशन पैदा कर सकता है कि चिप असेंबली मशीनों में गड़बड़ी हो जाए। इससे निपटने के लिए प्लांट के चारों ओर रीइंफोर्सड कंक्रीट, स्टील की मजबूत 'एलीफेंट-प्रूफ' दीवार बनाई गई है। सांपों से बचाव के लिए स्नेक रेस्क्यू टीम के अलावा वर्कर्स को ट्रेनिंग दी गई है। प्लांट के 15 किमी दायरे में किसी प्रदूषण फैलाने वाली यूनिट को अनुमति नहीं मिलेगी। अल्ट्रा क्लीन पानी पहुंचाने के लिए 1.25 करोड़ लीटर रोज क्षमता की विशेष पाइप लाइन डाली गई है।

विदेश की नौकरी छोड़कर असम के युवा दे रहे इंटरव्यू

असम में तैयार हो रहे सेमीकंडक्टर प्लांट से दूसरे देशों में काम कर रहे असमिया युवा खासे उत्साहित हैं। कई हाई-स्किल्ड युवा प्रोफेशनल्स ने विदेश की नौकरी छोड़कर असम लौटने का फैसला किया है। कई के इंटरव्यू हो चुके हैं।

अभी तक मंजूर देश के टॉप-5 सेमीकंडक्टर प्रोजेक्ट

नाम--यूनिट क्षमता / दिन

जागीरोड (असम)--4.8 करोड़

सीजी पावर, गुजरात--1.51 करोड़

केयन्स टेक्नो., गुजरात--63 लाख

वामा सुंदरी-फॉक्सकॉन--1.2 लाख

3डी ग्लासम सॉल्यु., ओडिशा--1.4 लाख

(चिप्स उत्पादन क्षमता)

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News