यहां स्थापित होगी देश की सबसे बड़ी मसाला इंडस्ट्री, हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार
Udaipur Times, Country's largest spice industry : बिहार में औद्योगिक निवेश और रोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। फूड इंडिया कंपनी राज्य के मुजफ्फरपुर, भागलपुर और सासाराम में अपनी एफएमसीजी (FMCG) प्रोडक्शन यूनिट स्थापित करने जा रही है। इस मेगा परियोजना पर करीब 175 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा, जिससे राज्य में उद्योगों को नई गति मिलने के साथ-साथ युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
मुजफ्फरपुर और भागलपुर में देश की सबसे बड़ी मसाला इंडस्ट्री स्थापित
इस परियोजना के तहत मुजफ्फरपुर और भागलपुर में देश की सबसे बड़ी मसाला इंडस्ट्री स्थापित की जाएगी। इन अत्याधुनिक इकाइयों में पूरी तरह आयातित (इम्पोर्टेड) मशीनों का इस्तेमाल होगा, जिससे अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता के उत्पाद तैयार किए जा सकेंगे। इससे स्थानीय किसानों को भी अपने कृषि उत्पादों का बेहतर बाजार मिलेगा।
परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए फूड इंडिया के मुख्य प्रबंध निदेशक (CMD) सावन पांडेय और निदेशक अखिलेश कुमार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को मुजफ्फरपुर के प्रसिद्ध बाबा गरीब नाथ मंदिर का प्रतीक चिन्ह भेंट कर परियोजना में मिले सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
कंपनी को महज 1 रुपये में भूमि आवंटित करने का भरोसा
राज्य सरकार ने निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए कंपनी को महज 1 रुपये में भूमि आवंटित करने का भरोसा दिया है। सरकार के इस फैसले के बाद परियोजना के क्रियान्वयन की प्रक्रिया और तेज हो गई है।
अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही बिहार, हैदराबाद और महाराष्ट्र के तकनीकी विशेषज्ञों व क्वालिटी कंट्रोल टीम के साथ मुख्यमंत्री, उद्योग मंत्री और उद्योग विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक होगी। इसमें परियोजना के अंतिम रोडमैप और समयबद्ध क्रियान्वयन पर चर्चा की जाएगी।
अक्टूबर 2026 में मेगा परियोजना का होगा उद्घाटन
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस मेगा परियोजना का अक्टूबर 2026 में उद्घाटन करने की सहमति भी दे दी है। परियोजना के शुरू होने के बाद बिहार में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को नई पहचान मिलने के साथ निवेश, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
