ठेले लगाने वाले की बेटी ने रचा इतिहास, BPSC पास कर हासिल किया मुकाम

 | 
ठेले लगाने वाले की बेटी ने रचा इतिहास, BPSC पास कर हासिल किया मुकाम

Udaipur Times, Success Story : जो मेहनत करते हैं वो एक दिन सफलता जरुर पाते हैं इस कहावत को सच कर दिखाया है राखी कुमारी ने। परिवार के विरोध और सामाजिक बंदिशों के बावजूद अपनी पसंद के विषय से पढ़ाई जारी रखकर सफलता हासिल करने वाली राखी कुमारी ने इसे सच कर दिखाया है।

बासोपट्टी प्रखंड मुख्यालय स्थित बासोपट्टी पूर्वी पंचायत निवासी जीवछ महतो की पुत्री राखी कुमारी ने बिहार लोक सेवा आयोग की परीक्षा में सफलता हासिल कर ग्रामीण विकास पदाधिकारी बनने का गौरव प्राप्त किया है।

जानकारी के लिए आपको बता दें की राखी के छोटे भाई ने भी इसी परीक्षा में सफलता हासिल कर ग्रामीण विकास पदाधिकारी का पद प्राप्त किया। एक ही घर से भाई-बहन का एक साथ एक ही पद पर चयन होने से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

बता दें की राखी की सफलता की कहानी इसलिए भी खास है, क्योंकि पढ़ाई के दौरान उन्हें विज्ञान विषय चुनने को लेकर परिवार के विरोध का सामना करना पड़ा था। इसके बावजूद उन्होंने अपने फैसले पर भरोसा रखा और विज्ञान विषय से अपनी पढ़ाई जारी रखी।

मिली जानकारी के अनुसार, उन्होंने परिस्थितियों के आगे हार मानने के बजाय मेहनत को अपना हथियार बनाया। लक्ष्य के प्रति समर्पण और लगातार प्रयास का परिणाम रहा कि आज उन्होंने BPSC जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल कर ली।

राखी ने बताया कि बासोपट्टी से इंटर करने के बाद आगे की पढ़ाई को लेकर घर वालों ने उनसे कहा कि आर्ट्स रखकर घर से पढ़ाई करो।

घर वालों की इच्छा थी कि बेटी की शादी समय से कर देंगे। लेकिन राखी ने परिवार के सामने जिद रखी और साइंस में फिजिक्स आनर्स रखकर पढ़ाई का मन बना लिया। राखी ने बताया कि उन्होंने विषय का चयन बहुत सोच-समझकर किया।

ग्रामीण क्षेत्र में उक्त विषय को लेकर बेहतर पढ़ाई और तैयारी की व्यवस्था नहीं है। इस विषय के कारण वह पटना रहकर पढ़ाई कर सकती हैं। जिसके बाद उनके पिता ने बेटी की बात मान ली और उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए सहमति दे दी।

जानकारी के मुताबिक,  राखी के पिता जीवछ महतो बेहद साधारण और मेहनती व्यक्ति हैं। वे अपने गांव से बाहर गुवाहाटी में रहकर ठेले पर मसाला बेचने का काम करते हैं।

घर में तीन बच्चे हैं, जिनमें सबसे बड़ी बेटी और दो बेटे हैं। बहुत कम कमाई के बीच परिवार का भरण-पोषण और बच्चों की पढ़ाई की जिम्मेदारी उनको और भी मेहनत करने के लिए विवश कर देती थी। दिन-रात मेहनत कर दोनों बच्चों को पढ़ाने में लग गए।

अंततः उनकी मेहनत और उनके बच्चों की लगन ने परिणाम के रूप में जो रिजल्ट दिया, वह उनके परिवार के साथ-साथ उस पंचायत क्षेत्र के लिए भी गौरवान्वित करने वाला था।

वहीं, छोटे भाई के साथ एक ही परीक्षा में सफल होना इस उपलब्धि को और भी खास बनाता है। दोनों भाई-बहन अब ग्रामीण विकास पदाधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं देंगे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News