हरियाणा के हिसार जिले की बदलेगी तस्वीर ! अंदरूनी मार्ग बनेगा सिक्स लेन, जाम से मिलेगी राहत
Udaipur Times, Haryana news : हिसार शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए अंदरूनी मार्ग को सिक्स लेन बनाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। मुख्यालय की टीम इसका सर्वे कर चुकी है और परियोजना के लिए बजट का प्रावधान भी किया जा चुका है। पेड़ों की कटाई को लेकर हाईकोर्ट की रोक लगी हुई है। इस रोक के हटते ही निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। टेंडर भी तैयार कर लिया गया है।
हिसार को जाम मुक्त बनाने की दिशा में सरकार द्वारा गठित विशेष समिति की छठी बैठक में कमेटी के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा को विभिन्न परियोजनाओं पर अभी तक हुए कार्यों के बारे में अवगत करवाते हुए यह जानकारी दी गई। हिसार में हुई बैठक में विधायक रणधीर पनिहार, हिसार विधायक सावित्री जिंदल, पूर्व मंत्री डॉ कमल गुप्ता, तथा महापौर प्रवीण पोपली ने भी शहर की विभिन्न परियोजनाओं के महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि हिसार में यातायात को सुचारू बनाने के लिए प्रमुख चौक-चौराहों पर स्लिप रोड, सर्विस रोड और फ्लाईओवर के निर्माण की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। डाबड़ा चौक के पुल के साथ सडक़ मार्ग बनाने का काम जारी है, जबकि डाबड़ा माइनर पर सडक़ निर्माण का कार्य भी जल्द आरंभ कर दिया जाएगा। इसके एक हिस्से में एसडीएम कोर्ट में मामले लंबित हैं। कैबिनेट मंत्री ने जल्द से जल्द इन मामलों का निपटारा करने की हिदायत दी।
उन्होंने कैंप की तरफ से आते हुए कैंप चौक से रेस्ट हाउस के साथ स्लिप रोड बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि लघु सचिवालय के आगे प्रमुख चौक पर स्लिप रोड बनाने का काम शुरू हो चुका है। गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय के पास स्लिप रोड का टेंडर भी हो गया है और जल्द ही काम पूरा किया जाएगा। तुलसी चौक पर सिविल अस्पताल के साथ स्लिप रोड का निर्माण किया जा चुका है। क्लॉथ मार्केट के साथ स्लिप रोड बनाने का काम भी जल्द शुरू होगा। मार्केट में ट्रांसफार्मर हटाने के लिए टेंडर कर दिया गया है। बस अड्डे के सामने फुटओवर ब्रिज हटाने का काम अंतिम चरण में है। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि शहर के सबसे पुराने रेलवे ओवरब्रिज को हटाकर इसे सिक्स लेन बनाने की तैयारी भी की जा रही है। बस अड्डे के समीप मल्टी स्टोरी कार पार्किंग बनाने के लिए परिवहन विभाग के साथ पत्राचार किया जा रहा है। जल्द ही मुख्यालय से इस मामले को आगे बढ़ाकर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। बालसमंद रोड पर रोटरी बनाने का काम भी जल्द शुरू होगा। कैमरी रोड पर डीएवी स्कूल से बालसमंद ब्रांच के ऊपर से ओवरब्रिज बनाने का टेंडर भी जारी कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि सुशीला भवन के समीप राजकीय स्कूल के पास स्लिप रोड का काम पूरा हो चुका है। सेक्टर-14 के गेट नंबर-12 पर स्लिप रोड का निर्माण भी जल्द पूरा होगा। बस अड्डे के पिछले गेट से बस निकालने का काम शुरू कर दिया गया है। इस सडक़ को भी चौड़ा किया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को सिरसा चुंगी और दिल्ली रोड पर कैंट से पहले फ्लाईओवर बनाने की दिशा में तेजी से काम करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार सेक्टर-27 और 28 पर व्हीकल अंडरपास का निर्माण किया जाएगा। तोशाम रोड पर आईटीआई के समीप तथा अर्बन एस्टेट में सैनी स्वीट्स के सामने के रास्ते पर बड़ा चौक बनाने की योजना पर भी काम किया जाएगा। मिर्जापुर चौक से ग्लोबल स्पेस तक सर्विस लेन बनाने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। अर्बन एस्टेट मार्केट के पास लगने वाले जाम की समस्या के समाधान के लिए क्षेत्र के सामुदायिक केंद्र के समीप वेंडिंग जोन बनाने के निर्देश दिए गए, ताकि सडक़ पर अतिक्रमण और यातायात बाधित होने की समस्या को कम किया जा सके।
कैबिनेट मंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और बिजली निगम के अधिकारियों को सातरोड-कैंट क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर स्ट्रीट लाइट न होने के चलते होने वाले हादसों पर संज्ञान लेते हुए राष्टï्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और बिजली निगम के अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि 15 दिन में लाइट लगाने की दिशा में ठोस कार्यवाही नहीं हुई तो जिम्मेदारी तय करते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि डी-कंजेशन कमेटी की बैठक में जिन मुद्दों पर चर्चा हुई है, उन्हें वर्ष 2027 में हर हाल में पूरा किया जाए।
इसके लिए सभी आवश्यक औपचारिकताएं समय रहते पूरी की जाएं, ताकि विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा कर हिसार शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।
बैठक में उपायुक्त महेंद्र पाल, जिला नगरायुक्त सी जयाश्रद्घा, अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल, नगराधीश रोहित कुमार, पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।