जम्मू से श्रीनगर हाईवे की बदलेगी तस्वीर ! जल्द शुरू होंगी दो नई सुरंगें और फ्लाईओवर, जानें पूरा रोडमैप ?
Udaipur Times, Jmmu-Srinagar Highway : देश में यातायात की सुविधा के लिए और कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा नये- नये कदम उठाये जा रहे हैं। इसी के चलते जम्मू से श्रीनगर के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर रामबन-बनिहाल सेक्टर में सड़क संपर्क को बेहतर बनाने वाली तीन प्रमुख परियोजनाएं जल्द पूरी होने जा रही हैं। मिली जानकारी के अनुसार, इनमें दो सुरंगें दिसंबर में यातायात के लिए खोलने की तैयारी है, जबकि एक वायाडक्ट (फ्लाईओवर) 30 नवंबर से वाहनों की आवाजाही के लिए उपलब्ध होगा। इन परियोजनाओं के शुरू होने से जम्मू-कश्मीर के बीच यात्रा अधिक सुरक्षित और सुगम हो सकेगी।
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआइ) के अनुसार, तीनों परियोजनाओं का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। जानकारी के मुताबिक, इनमें डिगडोल से खूनी नाला के बीच 2.6 किलोमीटर लंबी सुरंग, पंथियाल में 650 मीटर लंबी समानांतर सुरंग और नचलाना-किश्तवाड़ी पाथर वायडक्ट (फ्लाईओवर) के बीच 1150 मीटर लंबा पुल शामिल है।
मिली जानकारी के अनुसार, डिगडोल-खूनी नाला सुरंग की खुदाई का काम पूरा हो चुका है। अब सुरंग से जुड़े सुरक्षा और संरक्षण संबंधी शेष कार्य किए जा रहे हैं, जिन्हें कुछ दिनों में पूरा करने की उम्मीद है। इसके बाद दिसंबर के दूसरे या तीसरे सप्ताह में इसे यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।
इसके अलावा पंथियाल में मौजूदा टी-5 सुरंग के समानांतर बनाई गई 650 मीटर लंबी नई सुरंग का निर्माण भी पूरा हो चुका है। फिलहाल इसमें अंतिम स्तर का कार्य चल रहा है। इसे दिसंबर के तीसरे सप्ताह में वाहनों के लिए खोलने की तैयारी है। इन दोनों सुरंगों के शुरू होने से डिगडोल से मगरकोट के बीच चार लेन की सड़क संपर्क सुविधा उपलब्ध हो जाएगी।
जानकारी के मुताबिक,रामबन-बनिहाल सेक्टर की तीसरी महत्वपूर्ण परियोजना नचलाना और किश्तवाड़ी पाथर के बीच 1150 मीटर लंबा फ्लाईओवर है। इसका निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और 30 नवंबर को इसे यातायात के लिए चालू किया जाना निर्धारित है।