Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा के यमुनानगर से बड़ी खबर सामने आ रही है। व्यासपुर खंड के गांव शाहपुर जट्टान की सरपंच रीना रानी को पंचायती भूमि से बिना अनुमति पेड़ कटवाने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में डीसी ने सस्पेंड कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार जांच में शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए गए। सरपंच को पंचायत का रिकॉर्ड संबंधित अधिकारियों को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक गांव निवासी धर्मपाल व अन्य ने खंड प्रशासन को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि ग्राम पंचायत की चार एकड़ भूमि गांव के ज्ञान चंद को एक लाख 16 हजार रुपए में पट्टे पर दी गई है। आरोप था कि सरपंच और पंचायत सचिव की मिलीभगत से भूमि पर खड़े पुराने व नए पेड़ों को जेसीबी से उखड़वाकर कुछ पेड़ों को मिट्टी में दबा दिया गया और कुछ को बरसाती नाले में डाल दिया गया।
शिकायत पर अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। जानकारी के अनुसार वहां पेड़ जड़ समेत उखड़े और कटे हुए मिले। जांच में करीब 21 पेड़ों के उखाड़े जाने के साक्ष्य मिले, जिनकी अनुमानित कीमत 3,484 रुपए आंकी गई। सचिव मंगल सिंह ने पेड़ कटाई की जानकारी होने से इनकार किया।