हरियाणा के इस गांव की महिला सरपंच सस्पेंड, लगे कई गंभीर आरोप ?

 | 
हरियाणा के इस गांव की महिला सरपंच सस्पेंड, लगे कई गंभीर आरोप ?

Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा के भिवानी जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है। भिवानी के जिला उपायुक्त (DC) साहिल गुप्ता ने लोहारू उपमंडल की ग्राम पंचायत कुड़ल की सरपंच सुनीता देवी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। सरपंच के खिलाफ दर्ज दो एफआईआर में लगाए गए आरोपों को प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। निलंबन के साथ ही उन्हें पंचायत की किसी भी बैठक में भाग लेने से भी रोक दिया गया है।

उपायुक्त कार्यालय से 27 नवंबर को जारी आदेश के अनुसार, सरपंच सुनीता देवी के खिलाफ 11 नवंबर 2026 को एफआईआर नंबर 154 तथा 16 नवंबर 2026 को एफआईआर नंबर 155 दर्ज की गई थी। पहली एफआईआर भारतीय न्याय संहिता की धारा 61 व 318(4) के तहत दर्ज है। दूसरी एफआईआर में धारा 120बी, 409, 420, 467, 468, 471 व 506 के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।

आदेश में कहा गया है कि सरपंच पर अपने कर्तव्य-निर्वहन में कोताही बरतने और पद का दुरुपयोग करने के आरोप हैं। इन मामलों में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर उपायुक्त ने हरियाणा पंचायती राज अधिनियम, 1994 की धारा 51(1)(क) व (ख) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग किया। उन्होंने सरपंच को तत्काल प्रभाव से पद से निलंबित किया है। अधिनियम की धारा 51(2) के तहत उन्हें पंचायत की किसी भी बैठक में हिस्सा लेने से रोक दिया गया है। आदेश में निर्देश दिए गए हैं कि सरपंच के पास पंचायत की जो भी चल-अचल संपत्ति, धनराशि, रिकॉर्ड अथवा अन्य सामग्री है।

उसे संबंधित ग्राम सचिव तत्काल अपने कब्जे में लेंगे। वह इसे नियमानुसार बहुमत रखने वाले पंच को सौंपेंगे। उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। आदेश की प्रतियां संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई हैं। निलंबन प्रशासनिक कार्रवाई है। यह एफआईआर में दर्ज आरोपों के आधार पर की गई है। इसे न्यायालय द्वारा दोष सिद्ध किया जाना नहीं माना जाएगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News