यहां बनेगा पहला डबल डेकर रोड ! कई जिलों को मिलेगा फायदा, देखें पूरा रूट प्लान ?

 | 
यहां बनेगा पहला डबल डेकर रोड ! कई जिलों को मिलेगा फायदा, देखें पूरा रूट प्लान ?

Udaipur Times, New Delhi : वाहन चालकों के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है। ग्रेटर नोएडा की 130 मीटर चौड़ी सड़क को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे यानी राष्ट्रीय राजमार्ग-9 से जोड़ा जाएगा। इसके लिए एकमूर्ति चौक से शाहबेरी तक दो मंजिला (डबल डेकर) एलिवेटेड रोड और उससे आगे सिंगल एलिवेटेड रोड बनाई जाएगी। जानकारी के अनुसार इससे संबंधित प्रस्ताव को प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में गुरुवार को मंजूरी दे दी गई।

मिली जानकारी के मुताबिक प्राधिकरण के चेयरमैन दीपक कुमार की अध्यक्षता में हुई बोर्ड बैठक में ग्रेटर नोएडा में श्रमिक आवास, हॉस्टल और सार्वजनिक पुस्तकालय बनाने सहित नौ प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार वर्चुअल जुड़े। ग्रेटर नोएडा के सीईओ रवि कुमार एनजी ने बताया कि यह प्रदेश की पहली डबल डेकर एलिवेटेड रोड होगी। जानकारी के मुताबिक अब नोएडा और यमुना प्राधिकरण की सहमति लेकर परियोजना को आगे बढ़ाया जाएगा।

डबल डेकर एलिवेटेड रोड की डीपीआर तैयार कराने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को जिम्मा सौंपा गया था। एनएचएआई के सर्वेक्षण और सुझावों के बाद इस योजना को धरातल पर उतारने के लिए बनी समिति ने पहले चरण में ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित एक मूर्ति चौक से राष्ट्रीय राजमार्ग-9 तक डबल डेकर एलिवेटेड रोड बनाने का निर्णय लिया। 

जानकारी के अनुसार इस पर 756.01 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वहीं, शाहबेरी नाले से आगे एनएच-9 को जोड़ने के लिए सिंगल एलिवेटेड रोड बनाई जाएगी। डबल डेकर एलिवेटेड रोड तीन और सिंगल एलिवेटेड रोड छह लेन की होगी। यह 5.75 किलोमीटर लंबी होगी। परियोजना की कुल लागत 1280 करोड़ रुपये है। अधिकारी के मुताबिक परियोजना की लागत यमुना एक्सप्रेसवे, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद प्राधिकरण समान रूप से वहन करेंगे।

वहीं, आवासीय भूखंड योजनाओं के आवंटियों को भवन निर्माण पूरा कर कार्यपूर्ति प्रमाणपत्र प्राप्त करने के लिए एक अंतिम अवसर दिया गया है।

ग्रेनो सीधे ईस्टर्न पेरिफरल से जुड़ेगा

ग्रेटर नोएडा। वाहनों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए ग्रेटर नोएडा की 105 मीटर चौड़ी सड़क को ईस्टर्न पेरिफरल एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा। इस सड़क का करीब छह किलोमीटर हिस्सा पहले ही बन चुका है।

मिली जानकारी के मुताबिक अब दूसरे चरण में जुनपत गांव के पास से ईस्टर्न पेरिफरल तक करीब 12 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण जल्द किया जाएगा। प्राधिकरण बोर्ड से इसकी मंजूरी मिल गई है। ग्रेटर नोएडा के सीईओ रवि कुमार एनजी ने बताया कि 105 मीटर चौड़ी सड़क के अलाइनमेंट में ईस्टर्न पेरिफरल तक तीन ओवरब्रिज बनाए जाएंगे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News