घर की छत पर सोलर लगवाने वालों के लिए सरकार लाई नया नियम, अब करना होगा ये जरूरी काम ?
Udaipur Times, Rooftop Solar Battery Storage Rules India: आज के समय में बिजली का बिल बहुत बड़ी समस्या बन गया है। इसी से छुटकारा पाने के लिए लोगों का रुझान सोलर की और बढ़ता जा रहा है। जानकारी के लिए आपको बता दें की रूफटॉप सोलर पैनल लगवाने वाले उपभोक्ताओं के लिए केंद्र सरकार नए नियम लाने की तैयारी कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार, बिजली मंत्रालय ने Electricity (Rights of Consumers) Rules, 2020 में बदलाव का मसौदा जारी किया है। इसके तहत तय क्षमता से बड़े रूफटॉप सोलर सिस्टम के साथ बैटरी स्टोरेज लगाना अनिवार्य करने का प्रस्ताव है।
इसके अलावा तय सीमा से ज्यादा बिजली ग्रिड में भेजने पर नेट मीटरिंग शुल्क भी देना पड़ सकता है। नए प्रस्ताव से बड़े सोलर सिस्टम लगवाने वालों का खर्च बढ़ सकता है, जबकि छोटे घरेलू उपभोक्ताओं को राहत मिलने की संभावना है।
जानकारी के मुताबिक, प्रस्तावित नियमों के अनुसार, राज्य विद्युत नियामक आयोग (SERC) यह तय करेंगे कि कितनी क्षमता से बड़े रूफटॉप सोलर सिस्टम के साथ एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (ESS) लगाना जरूरी होगा। अगर आयोग इस संबंध में कोई सीमा तय नहीं करते हैं, तो 10 किलोवाट (kW) से अधिक क्षमता वाले सोलर सिस्टम पर यह नियम लागू होगा।
इसके अलावा मसौदे में बड़े सोलर सिस्टम के लिए रोजाना होने वाले बिजली उत्पादन का कम से कम 20 फीसदी स्टोर करने की क्षमता वाली बैटरी लगाने का प्रस्ताव है। आमतौर पर घरों में 3 से 5 किलोवाट क्षमता वाले सोलर सिस्टम लगाए जाते हैं, इसलिए छोटे घरेलू उपभोक्ताओं पर इसका सीधा असर पड़ने की संभावना कम है।
मिली जानकारी के अनुसार, केंद्र सरकार ने प्रस्ताव में नेट मीटरिंग को लेकर भी बदलाव की बात कही है। इसके तहत तय क्षमता या निर्धारित सीमा से ज्यादा बिजली ग्रिड में भेजने या इस्तेमाल करने पर अतिरिक्त शुल्क लगाया जा सकता है।
इस कदम का उद्देश्य बिजली ग्रिड पर पड़ने वाले अतिरिक्त दबाव को कम करना है।
जानकारी के मुताबिक,प्रस्तावित मसौदे में बैटरी स्टोरेज से जुड़े नियमों को 1 अप्रैल 2028 से लागू करने की बात कही गई है। इससे उपभोक्ताओं और अन्य संबंधित पक्षों को नई व्यवस्था के लिए तैयारी करने और जरूरी निवेश करने का समय मिल सकेगा।
जैसा की सरकार का मानना है कि बैटरी की कीमतों में कमी आने से दिन के समय पैदा होने वाली अतिरिक्त सौर ऊर्जा को स्टोर करना आसान होगा। इस बिजली का इस्तेमाल शाम के पीक आवर्स में किया जा सकेगा। इससे बिजली ग्रिड को स्थिर रखने में मदद मिलेगी।