सरकार ने 'होम स्टे पॉलिसी' में किया बड़ा बदलाव, अब मिलेगा पर्यटन आधारित रोजगार को बढ़ावा

 | 
सरकार ने 'होम स्टे पॉलिसी' में किया बड़ा बदलाव, अब मिलेगा पर्यटन आधारित रोजगार को बढ़ावा

Udaipur Times, UP Home Stay Policy: उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए ‘होमस्टे और बेड एंड ब्रेकफास्ट (B&B) नीति-2025’ में अहम संशोधन किए हैं। इन बदलावों का उद्देश्य राज्य में बढ़ते पर्यटन को देखते हुए किफायती और बेहतर आवास सुविधाएं उपलब्ध कराना और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना है।

पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नीति में संशोधन

पर्यटन विभाग ने बताया कि नई नीति को मौजूदा जरूरतों और बढ़ते टूरिज्म सेक्टर के अनुसार अपडेट किया गया है। सरकार का लक्ष्य है कि पर्यटकों को बेहतर सुविधा मिले और ग्रामीण व शहरी दोनों क्षेत्रों में पर्यटन का विस्तार हो। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि इन संशोधनों से राज्य में आने वाले घरेलू और विदेशी पर्यटकों को बेहतर आवास मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर बनेंगे।

अब 6 की जगह 8 कमरों तक होमस्टे की अनुमति

नई नीति के तहत अब शहरी क्षेत्रों में होमस्टे यूनिट्स को 1 से 8 कमरे (16 बेड) तक रजिस्टर करने की अनुमति दी गई है। पहले यह सीमा 6 कमरों तक थी। इसके अलावा यह भी तय किया गया है कि होमस्टे केवल उन्हीं आवासीय भवनों में संचालित होंगे जो मालिक के स्वामित्व में हों या विकास प्राधिकरण से लीज पर लिए गए हों। साथ ही, मालिक या उनके परिवार का किसी सदस्य का वहां रहना अनिवार्य होगा।

B&B यूनिट्स के लिए नए नियम

बेड एंड ब्रेकफास्ट (B&B) श्रेणी में भी अधिकतम 8 कमरों तक की अनुमति दी गई है। इन यूनिट्स में पर्यटकों को आवास के साथ-साथ भोजन और नाश्ते की सुविधा भी दी जाएगी। इसके अलावा 16 बेड तक के डॉर्मिटरी को भी इस श्रेणी में शामिल किया गया है। वहीं, 8 से अधिक कमरों वाले होटल, मोटल और गेस्ट हाउस इस नीति के तहत पंजीकरण के योग्य नहीं होंगे।

रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया हुई आसान, ऑटो-रिन्यूअल सुविधा शुरू

सरकार ने रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को पहले से अधिक सरल बना दिया है। अब पंजीकृत यूनिट्स के लिए ऑनलाइन ऑटो-रिन्यूअल सुविधा शुरू की गई है।

इस व्यवस्था के तहत होमस्टे संचालक अपनी रजिस्ट्रेशन अवधि समाप्त होने से तीन महीने पहले पोर्टल के जरिए खुद ही नवीनीकरण कर सकेंगे।

पर्यटन आधारित रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

पर्यटन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने कहा कि इन बदलावों से राज्य की पर्यटन संरचना मजबूत होगी। इससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और किफायती आवास की उपलब्धता बढ़ेगी।

नई होमस्टे नीति से राज्य में पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद है। आसान नियम, बढ़ी हुई कमरे की सीमा और ऑटो-रिन्यूअल जैसी सुविधाएं इस क्षेत्र को और अधिक सरल और आकर्षक बनाएंगी।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News