हरियाणा के इस शहर के लिए सरकार ने तैयार किया मास्टर प्लान, लोगों को मिलेगी बड़ी सुविधा
Udaipur Times, Haryana news : हरियाणा वासियों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। हरियाणा के हिसार शहर की यातायात व्यवस्था को आधुनिक रूप देने और आमजन की सुविधा के लिए हरियाणा सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। जानकारी के मुताबिक, शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल पुराने दिल्ली रोड (तुलसी चौक से सिरसा चुंगी) को 6-लेन में अपग्रेड करने का मास्टर प्लान तैयार कर लिया गया है।
इस परियोजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें केवल वाहनों की आवाजाही ही नहीं, बल्कि पैदल चलने वालों और स्थानीय निवासियों की सुरक्षा व सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा की पहल पर प्रदेश सरकार ने 8 दिन पहले इस परियोजना के लिए 43 करोड़ 35 लाख 48 हजार रुपए की प्रशासनिक मंजूरी जारी की थी।
अब प्रोजेक्ट के जारी मास्टर लेआउट और डिजाइइन में पैदल यात्रियों के लिए विशेष पेडेस्ट्रियन इंफ्रास्ट्रक्चर की जानकारी सामने आई है।
सड़क के क्रॉस-सेक्शनल डिजाइन के अनुसार, दोनों तरफ सर्विस लेन के साथ 2 मीटर चौड़ाई का समर्पित पेडेस्ट्रियन/फुटपाथ क्षेत्र चिह्नित किया गया है। इससे पैदल चलने वाले लोग वाहनों के डर के बिना सुरक्षित रूप से आवाजाही कर सकेंगे।
पैदल चलने वालों को आसानी से सड़क पार कराने के लिए जगह-जगह टेबल-टॉप पेडेस्ट्रियन क्रॉसिंग बनाई जाएगी।
इसके अलावा सिरसा चुंगी के पास एक नया प्रस्तावित वन-वे हाईवे फ्लाईओवर बनेगा। अग्रोहा और सिरसा की ओर जाने वाला हाईवे का ट्रैफिक सीधे फ्लाईओवर के ऊपर से गुजरेगा, जिससे नीचे की सड़कों पर कभी जाम नहीं लगेगा।
वर्तमान 4-लेन सड़क को चौड़ा करके 6-लेन किया जाएगा, जिससे ट्रैफिक का दबाव कम होगा और वाहनों की गति सुगम होगी।