हरियाणा सरकार ने टोहाना विधानसभा को दी बड़ी सौगात, देखें क्या-क्या होंगे काम ?
Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और समग्र विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार विकास कार्यों को गति दे रही है। इसी कड़ी में टोहाना विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण विकास को नई गति देते हुए विभिन्न गांवों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार एवं विकास कार्यों के लिए 4 करोड़ 58 लाख रुपये से अधिक की ग्रांट जारी की है।
इस राशि से गांवों में सामुदायिक भवनों, धर्मशालाओं तथा अन्य जनहित से जुड़े विकास कार्यों को गति मिलेगी। इसी क्रम में गांव पिरथला स्थित जांगड़ा धर्मशाला के लिए 10 लाख 99 हजार रुपये की ग्रांट स्वीकृत की गई है, जिससे धर्मशाला में नए कमरों का निर्माण कराया जाएगा।
ग्रांट स्वीकृत होने पर पिरथला के ग्रामीणों एवं जांगड़ा समाज के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यसभा सांसद सुभाष बराला से मुलाकात कर उनका अभिनंदन किया तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रति भी आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि धर्मशाला में नए कमरों के निर्माण से सामाजिक, धार्मिक एवं पारिवारिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और वर्षों से महसूस की जा रही आवश्यकता पूरी होगी।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में हरियाणा सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। प्रदेश सरकार बिना किसी भेदभाव के गांवों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, सामाजिक संस्थाओं को सशक्त बनाने तथा जनसुविधाओं का विस्तार करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि धर्मशालाएं केवल भवन नहीं, बल्कि समाज की एकता, संस्कृति और सामाजिक समरसता का केंद्र होती हैं। इनके विकास से समाज को स्थायी सुविधाएं मिलती हैं और सामुदायिक गतिविधियों को नई ऊर्जा मिलती है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर गांव में विकास की समान पहुंच सुनिश्चित करना है।
उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि टोहाना विधानसभा क्षेत्र के विकास की यह प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी। क्षेत्र की जनभावनाओं और आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों के लिए भविष्य में भी हरसंभव प्रयास किए जाएंगे तथा किसी भी गांव के विकास में धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी।
ग्रामीणों ने सांसद सुभाष बराला के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा जारी की गई यह ग्रांट टोहाना क्षेत्र के विकास को नई दिशा देगी। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी एवं राज्यसभा सांसद सुभाष बराला का धन्यवाद करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि सरकार के नेतृत्व में ग्रामीण विकास के कार्य इसी प्रकार निरंतर आगे बढ़ते रहेंगे।
