हरियाणा सरकार खुद का रोजगार शुरू करने के लिए दे रही लाखों रुपये ! जाने कैसे उठाएं लाभ ?

 | 
हरियाणा सरकार खुद का रोजगार शुरू करने के लिए दे रही लाखों रुपये ! जाने कैसे उठाएं लाभ ?

Udaipur Times, Haryana News, गुरुग्राम : अनुसूचित जातियों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के उद्देश्य से संचालित प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (पीएम-अजय) के तहत बुधवार को लघु सचिवालय में जिला स्तरीय परियोजना मूल्यांकन सह अभिसरण समिति (डीएल-पीएसीसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एडीसी सोनू भट्ट ने की। बैठक में अनुसूचित जाति वर्ग के पात्र व्यक्तियों को स्वरोजगार से जोड़ने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न व्यवसायों एवं परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की गई।

एडीसी सोनू भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना का उद्देश्य अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं, महिलाओं एवं बेरोजगार व्यक्तियों को स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए 1 लाख रुपये से 6 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। इस ऋण पर सरकार की ओर से 50 हजार रुपये तक की सब्सिडी प्रदान की जाएगी। वहीं, ऋण पर महिलाओं के लिए 5 प्रतिशत तथा पुरुषों के लिए 6 प्रतिशत की रियायती ब्याज दर निर्धारित है।

उन्होंने बताया कि योजना का लाभ केवल उन पात्र अनुसूचित जाति परिवारों को मिलेगा, जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय 3 लाख रुपये से कम है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को योजना की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराते हुए अधिक से अधिक आवेदन करवाए जाएं, ताकि जरूरतमंद परिवार स्वरोजगार स्थापित कर अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत बना सकें।

बैठक के दौरान समिति द्वारा विभिन्न आय सृजन व्यवसायों को स्वीकृति प्रदान की गई। इनमें वाणिज्यिक वाहन खरीद, ई-रिक्शा संचालन, ड्रोन वीडियोग्राफी एवं कृषि सेवाएं, सीसीटीवी कैमरा स्थापना एवं रखरखाव, हैंडलूम कार्य, बर्तन की दुकान, गिफ्ट गैलरी, पौधशाला, खाद्य प्रसंस्करण इकाई, टिफिन सेवा, फास्ट फूड एवं मिठाई की दुकान, फर्नीचर निर्माण, डिजिटल एवं फ्लेक्स प्रिंटिंग, मोटरसाइकिल एवं साइकिल रिपेयरिंग, कार डेकोरेशन एवं वॉशिंग सेंटर, इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक रिपेयरिंग वर्कशॉप, बुटीक एवं सिलाई केंद्र, फोटो स्टूडियो, सैलून एवं ब्यूटी पार्लर, मोबाइल रिपेयरिंग एवं एक्सेसरीज की दुकान, कपड़ा दुकान, जूते-चप्पल की दुकान, स्टेशनरी एवं फोटोस्टेट सेंटर, चाय एवं कन्फेक्शनरी की दुकान, किराना स्टोर, कॉस्मेटिक शॉप, निर्माण सामग्री आपूर्ति, मेडिकल स्टोर, स्मार्ट होम डेकोर शॉप तथा मॉड्यूलर किचन कार्य सहित अनेक स्वरोजगार परियोजनाएं शामिल हैं।

एडीसी ने कहा कि इन परियोजनाओं के माध्यम से अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और वे स्वयं का व्यवसाय स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकेंगे। उन्होंने कहा कि पात्र व्यक्तियों को आवेदन प्रक्रिया में हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोग इस योजना का लाभ उठाकर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।

बैठक के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी सरफराज खान, जिला प्रबंधक बिजेंद्र सिंह, डिप्टी डीईओ गीता आर्या, डीईईओ सुमिता रांगी, एसडीई मनोज कुमार, सिंचाई विभाग के एसडीओ अरविंद शर्मा, डीएचबीवीएन के एसडीओ साहिल गर्ग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News