द हीलिंग टच एक्यूप्रेशर कार्यशाला का आगाज
उदयपुर। प्रज्ञा चक्षु उच्च माध्यमिक अंध विद्यालय के बच्चे एक्यूप्रेशर पद्धति में व्यावसायिक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे और इसे रोजगार के रूप में अपनाकर अपने जीवन स्तर में सुधार कर पाएंगे। इस उद्देश्य को पूरा करने के लिए स्वामी विवेकानंद सोसायटी उदयपुर की ओर से अंबामाता स्थित अंध विद्यालय में 24 से 28 फरवरी तक द हीलिंग टच कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है।
स्वामी विवेकानंद सोसाइटी की संगीता मूंधडा ने बताया कि स्कूल के बच्चो को टोटल हेल्थ सॉल्यूशन के प्रसिद्ध एक्यूप्रेशर स्पेशलिस्ट सुधीर सोमैया ओर उनकी टीम द्वारा प्रशिक्षित किया जाएगा। कार्यशाला के तहत सुबह 10 से 3 बजे तक दृष्टिबाधित बच्चो को एक्यूप्रेशर पद्धति का व्यवसायी प्रशिक्षण दिया जाएगा इसी बीच दोपहर 1 से 3 बजे सुधीर सोमैया द्वारा आमजन को एक्यूप्रेशर का निःशुल्क परामर्श व उपचार दिया जाएगा।
संस्था की शोभा कर्वा ने बताया कि स्वामी विवेकानंद सोसायटी विगत 12 वर्षों से अंध विद्यालय से जुड़कर इन बच्चो की सहायतार्थ कई प्रोजेक्ट कर चुकी है। इस प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से भी यही प्रयास है, कि दृष्टिहीन बच्चो को एक्यूप्रेशर क्षेत्र में पारंगत कर उन्हें रोजगार से जोड़ा जाए जिससे कि उन्हें सामाजिक और आर्थिक रूप से सक्षम बनाया जा सके।
