Udaipur Times, Haryana Weather : हरियाणा में मौसम ने करवट ले ली है। जिसके चलते प्रदेश में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है और उमस का दौर लौट आया है।मौसम विभाग द्वारा प्रदेश में कुल 13 जिलों हिसार, भिवानी, महेंद्रगढ़, रोहतक, फरीदाबाद, चरखी दादरी, सिरसा, नूंह, पलवल, अंबाला, रेवाड़ी, झज्जर और गुरुग्राम में तापमान 35°C के पार दर्ज किया गया है।
वहीं दूसरी तरफ हिसार और भिवानी इन 2 जिलों में दिन का पारा 37°C के आंकड़े को पार कर गया है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ (IMD) के अनुसार, मानसून ट्रफ रेखा के हिमालय की तराई में खिसकने के कारण हरियाणा में मानसूनी गतिविधियां थम सी गई हैं।
कृषि मौसम विज्ञान विभाग (HAU, हिसार) के अनुसार 31 अगस्त तक मानसून गतिविधियां कमजोर बनी रहेंगी और मौसम परिवर्तनशील रहेगा।
प्रदेश में 1 से 3 सितंबर के बीच बारिश की आशंका हैं। विभाग ने 1 सितंबर से हवा के रुख में बदलाव के चलते राज्य के दक्षिणी, पूर्वी और मध्य हिस्सों में कई जगहों पर बारिश की संभावना जताई है। 2 सितंबर को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।