दिल्ली से हरियाणा का सफर होगा बिल्कुल आसान ! जाम होगा खत्म, 3 बड़े हाईवे बदलेंगे तस्वीर

 | 
दिल्ली से हरियाणा का सफर होगा बिल्कुल आसान ! जाम होगा खत्म, 3 बड़े हाईवे बदलेंगे तस्वीर 

Udaipur Times, Delhi To Gurugram : दिल्ली-NCR के लोगों को जल्द ही ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलने वाली है। केंद्र सरकार ने राजधानी के प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों को बड़े पैमाने पर सिग्नल फ्री बनाने की योजना तैयार की है। इस पहल का उद्देश्य यात्रा का समय कम करना और रोजाना आने-जाने वाले लाखों लोगों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराना है।

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने लोकसभा में जानकारी दी कि NHAI इन परियोजनाओं के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार कर रहा है। इसके तहत अश्रम-बदरपुर, महरौली-गुरुग्राम और पंजाबी बाग-टीकरी बॉर्डर जैसे व्यस्त मार्गों पर फ्लाईओवर और इंटरचेंज बनाए जाएंगे, जिससे वाहनों की आवाजाही बिना ट्रैफिक सिग्नल के सुचारु रूप से हो सकेगी।

दिल्ली से गुरुग्राम का सफर होगा सिर्फ 15 मिनट

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने लोकसभा में बताया कि महरौली से गुरुग्राम के बीच सिग्नल फ्री कॉरिडोर बनने के बाद यात्रा का समय मौजूदा करीब एक घंटे से घटकर सिर्फ 15 मिनट रह जाएगा। वहीं अश्रम-बदरपुर मार्ग पर तीन नए फ्लाईओवर बनाए जाएंगे, जिससे इस रूट पर भी ट्रैफिक जाम काफी हद तक खत्म होगा।

पंजाबी बाग से टीकरी बॉर्डर तक भी मिलेगी राहत

योजना के तहत पंजाबी बाग से टीकरी बॉर्डर तक के मार्ग पर भी फ्लाईओवर बनाए जाएंगे। इससे इस रूट पर यात्रा का समय लगभग डेढ़ घंटे से घटकर करीब 30 मिनट रह जाएगा।

कालिंदी कुंज बनेगा सिग्नल फ्री

सरकार कालिंदी कुंज चौराहे को भी सिग्नल फ्री बनाने की तैयारी में है। यहां धौला कुआं की तर्ज पर मल्टी-लेवल इंटरचेंज बनाया जाएगा। इस चौराहे पर छह प्रमुख सड़कें मिलती हैं, जिसके कारण अक्सर लंबा जाम लगता है। इंटरचेंज बनने के बाद इस समस्या से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

दिल्ली-मुंबई और दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर पर भी काम तेज

सरकार ने बताया कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का डीएनडी-फरीदाबाद सेक्शन अगले छह महीनों में चालू होने की उम्मीद है। वहीं दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर भी जल्द पूरी तरह शुरू हो जाएगा, जिससे दिल्ली से देहरादून का सफर ढाई घंटे से भी कम समय में पूरा किया जा सकेगा।

जाम कम होगा, समय और ईंधन दोनों की होगी बचत

सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद दिल्ली-NCR में ट्रैफिक जाम कम होगा, यात्रा का समय घटेगा और ईंधन की भी बचत होगी। साथ ही बेहतर सड़क नेटवर्क से लोगों की आवाजाही आसान होगी और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News