गाजियाबाद से नोएडा का सफर होगा बिल्कुल आसान ! नमो भारत के इस रूट पर बनेंगे 12 स्टेशन
Udaipur Times, New Delhi : गाजियाबाद से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) तक यात्रा करने वालों के लिए राहत भरी खबर है। प्रस्तावित गाजियाबाद–जेवर नमो भारत (RRTS) कॉरिडोर अब डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) के चरण में पहुंच चुका है। NCRTC के मैनेजिंग डायरेक्टर के अनुसार, परियोजना पर तेजी से काम किया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक इसके पूरा होने के बाद गाजियाबाद से जेवर एयरपोर्ट तक का सफर लगभग 40 से 50 मिनट में पूरा हो सकेगा।
प्रस्तावित कॉरिडोर गाजियाबाद से शुरू होकर नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे और YEIDA सिटी होते हुए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) तक जाएगा। इस रूट पर 12 स्टेशन और 2 डिपो विकसित करने का प्रस्ताव है। नमो भारत ट्रेनों की अधिकतम गति 180 किमी प्रति घंटा होगी, जिससे यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन सुविधा मिलेगी।
मिली जानकारी के अनुसार प्रस्तावित स्टेशनों में गाजियाबाद, गाजियाबाद साउथ, ग्रेटर नोएडा वेस्ट सेक्टर-IV, ग्रेटर नोएडा वेस्ट सेक्टर-II, नॉलेज पार्क-V, सूरजपुर, परी चौक, इकोटेक-VI, दनकौर, YEIDA नॉर्थ सेक्टर-18, YEIDA सेंट्रल सेक्टर-21 और जेवर एयरपोर्ट शामिल हैं। YEIDA सेंट्रल सेक्टर-21 स्टेशन से प्रस्तावित नोएडा फिल्म सिटी की कनेक्टिविटी भी मिलेगी। साथ ही, इस कॉरिडोर को दिल्ली मेट्रो की रेड लाइन से जोड़ने की भी योजना है।
इसके अलावा NCRTC द्वारा नोएडा–फरीदाबाद–गुरुग्राम नमो भारत कॉरिडोर की DPR भी तैयार की जा रही है। वहीं दिल्ली–पानीपत–करनाल और दिल्ली–SNB–अलवर नमो भारत कॉरिडोर को जल्द केंद्र सरकार की मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
इन परियोजनाओं का उद्देश्य NCR में बेहतर कनेक्टिविटी, तेज सार्वजनिक परिवहन और शहरी विकास को नई गति देना है। साथ ही, Economic Survey में देशभर में लगभग 2,900 किलोमीटर लंबे नमो भारत कॉरिडोर नेटवर्क विकसित किए जाने की संभावना भी जताई गई है।