हरियाणा में 102 एकड़ जमीन पर यहां बनेगा सबसे बड़ा चिड़ियाघर, जाने इसकी खासियत ?
Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा में करनाल के गांव उपली में 102 एकड़ में प्रदेश का सबसे बड़ा चिड़ियाघर (जू) विकसित किया जाएगा। इसमें शेर-बाघ की दहाड़ भी सुनाई देगी और कोबरा-वाइपर जैसे जहरीले सांपों की प्रजातियां भी देखने को मिलेंगी। पर्यटक विशेष गुफा में रात के समय सक्रिय रहने वाले वन्यजीवों की दुनिया भी देख सकेंगे।
'दानवीर कर्ण वन्य जीव विहार' नाम से बनने वाले जू को प्रदेश सरकार के साथ केंद्रीय जू अथॉरिटी से भी मंजूरी मिल चुकी है। इस पर 200 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च का अनुमान है। इसका निर्माण नेशनल हाईवे-44 यानी जीटी रोड के नजदीक होगा, ताकि पर्यटकों को पहुंचने में परेशानी न हो। इसके बनने से हरियाणा के पर्यटकों को जंगल के रोमांच के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा। प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) डॉ. नवदीप सिंह के अनुसार, चिड़ियाघर के निर्माण की अगली प्रक्रिया के तहत विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कराई जाएगी। इसके लिए वन विभाग टेंडर जारी करेगा।
चिड़ियाघर में ये प्रमुख खासियतें होंगी...
कैट फैमिली की सभी प्रमुख प्रजातियां होंगी
जू में सबसे बड़ा आकर्षण कैट फैमिली के वन्यजीव होंगे। यहां शेर, बाघ, तेंदुआ व जंगली बिल्लियों की विभिन्न प्रजातियां रखी जाएंगी। हिरणों की अलग-अलग प्रजातियां भी होंगी। मगरमच्छ व घड़ियाल के लिए भी विशेष व्यवस्था की जाएगी।
कोबरा, करैत, वाइपर की भी अलग दुनिया
देश में पाई जाने वाली जहरीले सांपों की प्रमुख प्रजातियों को भी रखा जाएगा। इनमें कोबरा, करैत, वाइपर शामिल होंगे। पर्यटक इन सांपों को नजदीक से देख सकेंगे और उनकी पहचान, प्रकृति व विशेषताओं के बारे में जानकारी हासिल कर सकेंगे।
रात में सक्रिय रहने वाले जीवों को भी देख सकेंगे
जू की खास विशेषता रात्रिचर वन्यजीव होंगे। इसके लिए विशेष गुफा तैयार की जाएगी। यहां ऐसा वातावरण बनाया जाएगा, जिसमें पर्यटक देख सकेंगे कि रात के समय जंगल में कौन-कौन से जीव सक्रिय रहते हैं और किस तरह विचरण करते हैं। यह चिड़ियाघर को दूसरे सामान्य जू से अलग बनाएगी।
देसी के साथ विदेशी पक्षियों का भी बसेरा
चिड़ियाघर में हरियाणा व आसपास के क्षेत्रों में पाए जाने वाले स्थानीय पक्षियों को भी रखा जाएगा। विदेशी प्रजातियों के पक्षियों के लिए भी व्यवस्था होगी। इनकी जानकारी भी मिलेगी।
प्रदूषण मुक्त होगा जू, ईवी से भ्रमण होगा
चिड़ियाघर को इको-फ्रेंडली बनाने की योजना है। पर्यटकों को इलेक्ट्रिक वाहनों से जंगल व जू का भ्रमण कराया जाएगा। इससे वाहनों से होने वाले प्रदूषण और शोर को कम करने में मदद मिलेगी।