Udaipur Times, Haryana Weather : हरियाणा में मौसम का मिजाज बदल रहा है। जिसके चलते प्रदेश में बारिश के आसार हैं। विभाग ने जानकारी दी है की प्रदेश में मानसून टर्फ की स्थिति और उत्तरी हरियाणा के ऊपर बने साइक्लोनिक सरकुलेशन (चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र) के कारण मानसूनी गतिविधियां एक बार फिर जोर पकड़ रही हैं। IMD के मुताबिक, आज प्रदेश के 15 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल में मूसलाधार बारिश हो सकती है। इसके अलावा पश्चिमी व मध्य जिलों सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, जींद और रोहतक में मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहेगा और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना जताई है।
विभाग के मुताबिक मानसून टर्फ रेखा श्री गंगानगर, रोहतक, फतेहगढ़ से बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इसके प्रभाव से 5 से 7 सितंबर के दौरान प्रदेश भर में मौसम परिवर्तनशील रहेगा और कई क्षेत्रों में हवाओं के साथ बारिश दर्ज की जाएगी।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, प्रदेश में बादलवाही के साथ उत्तरी और दक्षिणी जिलों में गरज-चमक व तेज हवाओं के साथ बारिश जारी रहेगी।
8 सितंबर से मानसून की सक्रियता में फिर से कमी आने की संभावना है।