Udaipur Times, Rajasthan Weather : राजस्थान में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। जिसके चलते प्रदेश में बारिश हुई है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है की प्रदेश में शनिवार से मानसून की विदाई शुरू हो गई है। सामान्य से 2 दिन की देरी से बीकानेर के खाजूवाला, फलोदी और जैसलमेर के बॉर्डर एरिया से मानसून की विदाई का चरण शुरू हो गया।
इसके अलावा दूसरी तरफ दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में बारिश का दौर जारी रहा। विभाग ने आज भी प्रदेश के 7 जिलों में हल्की बारिश होने का अलर्ट जारी किया है।
कल शनिवार को बारां, उदयपुर, झालावाड़, कोटा, सवाई माधोपुर, सिरोही, बूंदी, चित्तौड़गढ़ में कुछ स्थानों पर बादल छाए और हल्की बारिश दर्ज हुई।
मौसम विभाग ने बताया की राजस्थान में इस साल का मानसून सीजन काफी कमजोर रहा है। प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में सामान्य या उससे कम बारिश हुई है।
विभाग के मुताबिक पाकिस्तान-राजस्थान की सीमा पर एंटी साइक्लोन बनना शुरू हो गया। इससे अब वातावरण से तेजी से नमी का लेवल कम होने लगा है। ये सभी परिस्थितियों मानसून की विदाई के अनुकूल मानी जाती है। मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- राजस्थान के कुछ हिस्सों के अलावा पंजाब और गुजरात के कुछ एरिया में ये परिस्थितियां नजर आ रही हैं।