इन किसानों का अटक सकता है पीएम किसान सम्मान निधि का पैसा, विभाग ने जारी की गाइडलाइन
Udaipur Times, New Delhi : किसानों को केंद्र और प्रदेश सरकार की कृषि योजनाओं का लाभ लेने के लिए अब फार्मर आईडी बनवाना अनिवार्य कर दिया है। जिन किसानों ने अभी तक अपनी फार्मर आईडी नहीं बनवाई है, उनके लिए परेशानी खड़ी हो सकती है।
आईडी नहीं होने की स्थिति में पीएम किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता का भुगतान अटक सकता है। इसी को देखते हुए कृषि विभाग ने किसानों के लिए गाइडलाइन जारी कर दी है। विभाग की ओर से ऐसे किसानों से संपर्क किया जा रहा है, जिनकी फार्मर आईडी अभी तक नहीं बनी है।
किसानों को जल्द से जल्द पंजीकरण करवाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। दरअसल, सरकार कृषि क्षेत्र में डिजिटल व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए किसानों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार कर रही है। इसके तहत प्रत्येक किसान की अलग फार्मर आईडी बनाई जा रही है। इस आईडी में किसान की पहचान, जमीन से संबंधित रिकॉर्ड और कृषि से जुड़ी जरूरी जानकारियां डिजिटल रूप में दर्ज रहेंगी।
किसान इन दो तरीकों बनवा सकते हैं अपनी फार्मर आईडी
खंड कृषि अधिकारी डॉ. रमेश श्योराण ने बताया कि किसान अपनी फार्मर आईडी को दो तरह से बनवा सकते हैं। पहला तरीका है किसान एग्रीस्टेक हरियाणा की वेबसाइट पर सेल्फ के ऑप्शन पर लॉग इन करके किसान इस प्रक्रिया को पूरा करके
अपनी आईडी बना सकता है। दूसरा तरीका डिपार्टमेंटल प्रक्रिया का है। जिसमें कृषि विभाग के कर्मचारी पूरा करेंगे। उन्होंने बताया कि सेल्फ रजिस्ट्रेशन में किसान आधार कार्ड बेस ओटीपी लेकर रजिस्टर्ड नंबर से फार्मर आईडी बना सकते हैं। इसके
बाद पोर्टल पर दिए गए ऑप्शन को सेलेक्ट करते हुए किसान को अपनी जमीन का किला नंबर या खसरा नंबर डालना होगा। इसके लिए किसान के पास उसका आधार कार्ड, आधार कार्ड से रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर होना अनिवार्य है।
आईडी में होगा किसान व जमीन का रिकॉर्ड
फार्मर आईडी किसान की एक डिजिटल पहचान होगी। इसके माध्यम से किसान की व्यक्तिगत जानकारी और उसके नाम पर दर्ज कृषि भूमि का रिकॉर्ड जोड़ा जाएगा। इससे बार-बार अलग-अलग दस्तावेजों के लिए दस्तावेज जमा करवाने की प्रक्रिया भी आसान हो सकती है। विभागीय स्तर पर किसानों को समझाया जा रहा है कि वे अपनी जमीन के रिकॉर्ड और पहचान संबंधी दस्तावेजों के आधार पर फार्मर आईडी बनवाएं। यदि जमीन के रिकॉर्ड में किसी प्रकार की त्रुटि है तो उसे भी समय रहते ठीक करवाएं।
'किसानों को इस योजना से जोड़ने के लिए हमारे विभाग के कर्मचारियों की टीम फील्ड में उतरी हुई है। किसानों को जागरूक किया जा रहा है। किसान नजदीकी सीएससी सेंटर पर अपनी फार्मर आईडी जनरेट करवा सकते हैं। किसान अपने एंड्रॉइड फोन सभी एग्री स्टेक पोर्टल पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। यह आधार कार्ड ओटीपी बेस प्रक्रिया है। सरकार की यह एक महत्वाकांक्षी योजना है। इस योजना के अनेक लाभ हैं जो किसानों के लिए फायदेमंद हैं।' - डॉ. रुपेश श्योराण, खंड कृषि अधिकारी, हांसी।