धरती का सबसे अनोखा गांव ! सूरज के सबसे करीब होने के बावजूद ठंड से कांपते हैं लोग

 | 
धरती का सबसे अनोखा गांव ! सूरज के सबसे करीब होने के बावजूद ठंड से कांपते हैं लोग 

Udaipur Times, Mount Chimborazo Facts: जब भी दुनिया की सबसे ऊंची चोटी का जिक्र होता है, सबसे पहले माउंट एवरेस्ट का नाम सामने आता है। अधिकांश लोग मानते हैं कि यही पृथ्वी का वह स्थान है, जो अंतरिक्ष और सूरज के सबसे करीब है। लेकिन यह पूरी तरह सही नहीं है। यह अनोखा रिकॉर्ड इक्वाडोर में स्थित माउंट चिम्बोराजो (Mount Chimborazo) के नाम दर्ज है।

हालांकि समुद्र तल से इसकी ऊंचाई 6,268 मीटर (20,564 फीट) है, जो एवरेस्ट से काफी कम है, लेकिन इसकी चोटी पृथ्वी के केंद्र से सबसे अधिक दूर स्थित है। इसी वजह से इसे धरती का वह स्थान माना जाता है, जो अंतरिक्ष और सूरज के सबसे करीब है।

आखिर ऐसा क्यों?

इसका कारण पृथ्वी का आकार है। पृथ्वी पूरी तरह गोल नहीं है, बल्कि भूमध्य रेखा (Equator) के आसपास थोड़ी उभरी हुई है। माउंट चिम्बोराज़ो लगभग भूमध्य रेखा पर स्थित है। इसलिए इसकी चोटी पृथ्वी के केंद्र से एवरेस्ट की तुलना में अधिक दूरी पर है। यही कारण है कि वैज्ञानिक दृष्टि से यह पृथ्वी का सबसे बाहरी बिंदु माना जाता है।

सूरज के सबसे करीब, फिर भी रहती है कड़ाके की ठंड

सूरज के अपेक्षाकृत करीब होने के बावजूद माउंट चिम्बोराज़ो की चोटी सालभर बर्फ और ग्लेशियरों से ढकी रहती है। इसकी वजह इसकी अत्यधिक ऊंचाई है। ऊंचे इलाकों में हवा बहुत पतली होती है और गर्मी को लंबे समय तक रोककर नहीं रख पाती, इसलिए यहां तापमान हमेशा बेहद कम रहता है।

हजारों फीट की ऊंचाई पर बसे हैं गांव

माउंट चिम्बोराज़ो की ढलानों पर लगभग 3,500 से 4,200 मीटर की ऊंचाई पर कई छोटे-छोटे गांव बसे हैं। यहां केचुआ (Quechua) और पुरुहा (Puruhá) समुदाय के लोग पीढ़ियों से रह रहे हैं। कठिन मौसम, कम ऑक्सीजन और सीमित संसाधनों के बावजूद ये लोग अपनी परंपराओं और संस्कृति को आज भी संजोए हुए हैं।

मिट्टी के घर और पशुपालन पर निर्भर जीवन

इन गांवों में लोग मोटी मिट्टी से बने घरों, जिन्हें स्थानीय भाषा में 'चोजास (Chozas)' कहा जाता है, में रहते हैं। घरों की छत सूखी घास से बनाई जाती है, ताकि ठंडी रातों में अंदर गर्माहट बनी रहे। यहां के लोगों के भोजन में आलू, चीज़, एवोकाडो, सूप, हर्बल चाय और मांस प्रमुख हैं। खेती सीमित होने के कारण पशुपालन उनकी आजीविका का मुख्य आधार है।

लामा और अल्पाका हैं जीवन का अहम हिस्सा

इस इलाके में लामा, अल्पाका और विकुना जैसे जानवर पाए जाते हैं। इनकी ऊन से गर्म कपड़े, शॉल और पारंपरिक पोंचो बनाए जाते हैं। साथ ही ये जानवर पहाड़ी रास्तों पर सामान ढोने का भी महत्वपूर्ण काम करते हैं।

'फादर चिम्बोराज़ो' मानते हैं स्थानीय लोग

स्थानीय समुदाय इस पर्वत को सिर्फ एक पहाड़ नहीं, बल्कि 'फादर चिम्बोराज़ो' (Father Chimborazo) के रूप में पूजते हैं। उनका विश्वास है कि यह पर्वत उनके परिवारों और खेतों की रक्षा करता है। खेती शुरू करने या किसी महत्वपूर्ण काम से पहले लोग इस पर्वत का आशीर्वाद लेना शुभ मानते हैं।

बर्फ काटकर बेचने की अनोखी परंपरा

इस क्षेत्र की सबसे दिलचस्प परंपराओं में 'हिएलेरोस (Hieleros)' की परंपरा शामिल है। पहले स्थानीय लोग पहाड़ के ग्लेशियरों से प्राकृतिक बर्फ के बड़े-बड़े टुकड़े काटकर उन्हें खच्चरों या अपनी पीठ पर लादकर नीचे के कस्बों तक पहुंचाते थे। समय के साथ यह परंपरा कम हुई है, लेकिन आज भी यह इस क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा मानी जाती है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News