80 गांवों में बसाया जाएगा नया शहर ! एयरपोर्ट और एक्सप्रेसवे से मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी

 | 
80 गांवों में बसाया जाएगा नया शहर ! एयरपोर्ट और एक्सप्रेसवे से मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी 

Udaipur Times, New Noida DNGIR Plan 2026 : योगी सरकार ने दिल्ली-NCR में बढ़ती आबादी और औद्योगिक जरूरतों को देखते हुए एक नए आधुनिक शहर 'न्यू नोएडा' को विकसित करने की तैयारी शुरू कर दी है। यह शहर करीब 210 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला होगा और इसमें गौतम बुद्ध नगर और बुलंदशहर जिले के लगभग 80 गांव शामिल होंगे। पहले चरण में 37 गांवों की जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। इस परियोजना को दिल्ली-एनसीआर मास्टर प्लान-2041 (Delhi-NCR Master Plan 2041) के तहत भविष्य के बड़े आवासीय, औद्योगिक और आर्थिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा नया नोएडा

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, नोएडा प्राधिकरण नए नोएडा को 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए 20 किलोमीटर लंबी लिंक रोड बनाने की योजना पर काम कर रहा है। इसके लिए जल्द ही विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जाएगी। इस सड़क के बनने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी क्षेत्रों से माल और यात्री परिवहन काफी आसान हो जाएगा।
ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से मिलेगा सीधा कनेक्शन

न्यू नोएडा को दादरी के बील अकबरपुर गांव के पास एक इंटरचेंज के जरिए सीधे ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा। इससे लोगों को दिल्ली में प्रवेश किए बिना ही गाजियाबाद, सोनीपत, बागपत, पलवल और गुरुग्राम तक आसानी से पहुंचने का विकल्प मिलेगा। साथ ही नोएडा और दिल्ली की सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा।
यमुना एक्सप्रेसवे और जेवर एयरपोर्ट से होगी सीधी कनेक्टिविटी

न्यू नोएडा का दक्षिणी हिस्सा सीधे यमुना एक्सप्रेसवे से जुड़ा होगा। इससे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर), अलीगढ़, मथुरा और आगरा जैसे शहरों तक तेज और आसान पहुंच संभव होगी। खास बात यह है कि न्यू नोएडा से आने-जाने वाला ट्रैफिक बिना सेंट्रल नोएडा में प्रवेश किए सीधे जेवर एयरपोर्ट तक पहुंच सकेगा।

बुलेट ट्रेन और नमो भारत नेटवर्क से जोड़ने की तैयारी

भविष्य की योजनाओं में न्यू नोएडा को नमो भारत रैपिड रेल नेटवर्क और दिल्ली-वाराणसी बुलेट ट्रेन कॉरिडोर से जोड़ने की भी तैयारी की जा रही है। इससे यह शहर उत्तर भारत के सबसे बेहतर कनेक्टिविटी वाले शहरी केंद्रों में शामिल हो सकता है।

निवेश और रोजगार का नया केंद्र बनेगा न्यू नोएडा

सरकार का मानना है कि बेहतर सड़क, रेल और एयर कनेक्टिविटी के चलते न्यू नोएडा आने वाले वर्षों में निवेश, उद्योग और रोजगार का बड़ा केंद्र बनकर उभरेगा। यहां औद्योगिक इकाइयों, आईटी पार्क, लॉजिस्टिक्स हब, वेयरहाउस, आवासीय परियोजनाओं और व्यावसायिक गतिविधियों के लिए बड़े पैमाने पर विकास किया जाएगा, जिससे लाखों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर मिल सकते हैं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News