44 गांवों की जमीन पर बसाया जाएगा नया शहर ! 10 लाख लोगों को मिलेगा रोजगार

 | 
44 गांवों की जमीन पर बसाया जाएगा नया शहर ! 10 लाख लोगों को मिलेगा रोजगार

Udaipur Times, New Agra Urban Center : उत्तर प्रदेश में ताज नगरी आगरा के पास एक नए आधुनिक शहर 'न्यू आगरा अर्बन सेंटर' (New Agra Urban Center) को विकसित करने की तैयारी तेज हो गई है। यह महत्वाकांक्षी परियोजना यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के मास्टर प्लान-2041 का हिस्सा है। नए शहर को यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित किया जाएगा, जिससे दिल्ली-एनसीआर, जेवर एयरपोर्ट और आगरा के बीच बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।

इस परियोजना के तहत आगरा जिले के 44 गांवों की करीब 14,480 हेक्टेयर जमीन को चिन्हित किया गया है। प्रस्तावित न्यू आगरा का आकार लगभग नोएडा शहर के आधे के बराबर होगा। इसे तीन अलग-अलग जोन में योजनाबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा, ताकि लोगों को आधुनिक आवास, रोजगार और विश्वस्तरीय सुविधाएं एक ही स्थान पर मिल सकें।

14 लाख लोगों के लिए बसाया जाएगा नया शहर (NewTown)

मास्टर प्लान के अनुसार न्यू आगरा में करीब 14 लाख लोगों के रहने की व्यवस्था की जाएगी। यहां आधुनिक आवासीय कॉलोनियां, चौड़ी सड़कें, स्कूल, अस्पताल, पार्क और अन्य बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। चूंकि यह क्षेत्र ताज ट्रैपेजियम जोन (TTZ) में आता है, इसलिए यहां पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

औद्योगिक क्षेत्र में केवल ग्रीन और प्रदूषण मुक्त उद्योग, जैसे आईटी, टेक्सटाइल और अन्य सॉफ्ट इंडस्ट्रीज को ही अनुमति दी जाएगी। इससे पर्यावरण पर न्यूनतम प्रभाव पड़ेगा और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

पर्यटन और रोजगार का बनेगा बड़ा केंद्र

न्यू आगरा (New Agra) को पर्यटन और व्यापार के बड़े हब के रूप में भी विकसित किया जाएगा। यहां थीम पार्क, एंटरटेनमेंट जोन, बजट होटल, फाइव स्टार और सेवन स्टार होटल विकसित करने की योजना है। इसके अलावा औद्योगिक निवेश, लॉजिस्टिक्स और टूरिज्म सेक्टर के जरिए करीब 10 लाख रोजगार के अवसर पैदा होने का अनुमान है।

जेवर एयरपोर्ट और नमो भारत से मिलेगी शानदार कनेक्टिविटी

न्यू आगरा (New Agra) की सबसे बड़ी खासियत इसकी बेहतरीन कनेक्टिविटी होगी। यह शहर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) से करीब 120 किलोमीटर की दूरी पर होगा। जेवर एयरपोर्ट और आगरा के बीच नमो भारत रैपिड रेल (RRTS) चलाने का प्रस्ताव है, जिससे यात्रियों को बेहद कम समय में सफर करने की सुविधा मिलेगी।

साथ ही टूंडला जंक्शन के पास बने फ्रेट कॉरिडोर टर्मिनल को न्यू आगरा से रेलवे लाइन के जरिए जोड़ा जाएगा। इसके अलावा सड़क, रेल और हवाई मार्ग को जोड़ने वाला मल्टी-मॉडल कार्गो टर्मिनल भी विकसित किया जाएगा, जिससे व्यापार और माल ढुलाई को नई गति मिलेगी।

ग्रेटर आगरा (Great Agra) परियोजना पर भी तेजी से काम

न्यू आगरा के साथ-साथ आगरा विकास प्राधिकरण (ADA) भी ग्रेटर आगरा परियोजना पर काम कर रहा है। इसके तहत रायपुर और रहनकलां क्षेत्र में करीब 449 हेक्टेयर भूमि पर 10 आधुनिक टाउनशिप विकसित की जाएंगी। इनमें गंगापुरम, यमुनापुरम जैसी टाउनशिप शामिल होंगी, जहां लगभग 30 हजार परिवारों के रहने की व्यवस्था होगी।

इन स्मार्ट टाउनशिप में अंडरग्राउंड बिजली केबल, 24 घंटे बिजली-पानी, चौड़ी सड़कें, सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, इंटरनेशनल स्कूल, यूनिवर्सिटी, स्पोर्ट्स एकेडमी, क्रिकेट स्टेडियम, शॉपिंग मॉल, कॉर्पोरेट ऑफिस और बड़े व्यावसायिक केंद्र जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही कुल क्षेत्रफल का 20 से 25 प्रतिशत हिस्सा ग्रीन बेल्ट और पार्कों के लिए सुरक्षित रखा जाएगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News