हरियाणा के 19 गांवों की बदलेगी तस्वीर ! 11 विकास योजनाओं की सौगात, सिंचाई मंत्री का बड़ा ऐलान

 | 
हरियाणा के 19 गांवों की बदलेगी तस्वीर ! 11 विकास योजनाओं की सौगात, सिंचाई मंत्री का बड़ा ऐलान 

Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : हरियाणा की सिंचाई एवं महिला बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी  ने रविवार को झज्जर स्थित सिंचाई विश्राम गृह में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सिंचाई विभाग की 10 महत्वपूर्ण योजनाओं का उद्घाटन तथा एक परियोजना का शिलान्यास किया गया। इन 11 विकास योजनाओं की कुल लागत लगभग 37.50 करोड़ रुपये है। इन योजनाओं से जिला के विभिन्न गांवों में जल निकासी व्यवस्था सुदृढ़ होगी तथा खेतों में जलभराव और बाढ़ के पानी की निकासी में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम स्थल पर पौधारोपण भी किया गया। इससे पहले कार्यक्रम में पहुँचने पर एसडीएम रवि मीणा व सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता सतीश कुमार ने सिंचाई मंत्री का स्वागत करते हुए जिलाभर में चल रही सिंचाई से जुड़ी योजनाओं व परियोजनाओं की जानकारी दी।

सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों की रक्षा और कृषि क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि सिंचाई एवं जल निकासी से जुड़ी परियोजनाओं के माध्यम से किसानों को राहत देने और कृषि भूमि को जलभराव से बचाने की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।

कैबिनेट मंत्री ने 428.83 लाख रुपये की लागत से बिसाहन लिंक नाले पर टेल रेगुलेटर सहित 50 सीएस क्षमता के पंप हाउस, 839.25 लाख रुपये की लागत से कासनी लिंक नाले का निर्माण तथा 687.99 लाख रुपये की लागत से नीलाहेड़ी गांव में भूजल स्तर कम करने के लिए ट्यूबवेल से संबंधित योजना का उद्घाटन किया। इसके अलावा गांव अकेहड़ी -मदनपुर में 225.34 लाख तथा 215.24 लाख रुपये की लागत से निर्मित दो भूमिगत एचडीपीई पाइपलाइन लिंक ड्रेन योजनाओं का उद्घाटन किया । 

जेएलएन फीडर पर 97.41 लाख रुपये की लागत से स्थापित 20 सीएस और 10 सीएस क्षमता के पंप सेट भी शुरू किए गए। उन्होंने गांव दुबलधन( घिक्यान) क्षेत्र में 362.32 लाख रुपये की लागत से बाढ़ के पानी की निकासी, दुबलधन (बिध्यान) लिंक नाली के 86.39 लाख रुपये की लागत से निर्माण, कासनी माइनर से नाला नंबर-8 तक 318.49 लाख रुपये की लागत से पाइपलाइन बिछाने तथा मुंडाहेड़ा गांव के खेतों से जेएलएन एस्केप चैनल तक 226.07 लाख रुपये की लागत से निर्मित आरसीसी पाइपलाइन योजनाओं का भी शुभारंभ किया।

कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने ढाकला, चंदोल और सुर्खपुर  गांवों में बाढ़ के पानी की निकासी के लिए 263.17 लाख रुपये की लागत से नाला नंबर-8 तक 1000 मिलीमीटर व्यास की आरसीसी पाइपलाइन बिछाने की परियोजना का शिलान्यास किया। इस परियोजना से संबंधित गांवों में बरसाती पानी की निकासी सुगम होगी और किसानों को जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।

इन विकास योजनाओं से रिटौली, कबूलपुर, गोच्छी, बिसाहन, बेरी, बाकरा, नीलाहेड़ी, अकेहड़ी- मदनपुर, अच्छेज, सफीपुर, मलिकपुर, गोधडी, सिवाना माजरा, दुबलधन, बिठला, लडायन, बिरहड़, मुंडाहेड़ा,चढ़वाना सहित विभिन्न गांवों को लाभ मिलेगा। जल निकासी की बेहतर व्यवस्था होने से खेतों में पानी जमा होने की समस्या कम होगी तथा कृषि गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News