हरियाणा के फरीदाबाद की बदलेगी तस्वीर ! करोड़ों रुपये के विकास कार्यों को मिली मंजूरी

 | 
हरियाणा के फरीदाबाद की बदलेगी तस्वीर ! करोड़ों रुपये के विकास कार्यों को मिली मंजूरी

फरीदाबाद, 15 नवंबर : हरियाणा सरकार में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि सेक्टर-14 के सर्वांगीण विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। सेक्टर-14 की आरडब्ल्यूए द्वारा रखी गई प्रत्येक जायज मांग को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद के विकास के लिए वे और हरियाणा सरकार के मंत्री राजेश नागर मिलकर पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं।

कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल और राज्य मंत्री राजेश नागर ने आज रविवार को सेक्टर-14 में कम्युनिटी सेंटर के प्रथम चरण के कार्य का शिलान्यास और गुंजन लखानी गेट का शुभारंभ किया। उन्होंने साथ नगर निगम महापौर प्रवीण बत्रा जोशी भी मौजूद रही।  उन्होंने बताया कि कम्युनिटी सेंटर के लिए प्रथम चरण में लगभग 6 से 6.5 करोड़ रुपये की राशि से विकास कार्य करवाए जाएंगे।

कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने सेक्टर-14 आरडब्ल्यूए की महिला पदाधिकारियों एवं सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं द्वारा आरडब्ल्यूए का संचालन जिस समर्पण और जिम्मेदारी से किया जा रहा है, वह पूरे फरीदाबाद के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने आरडब्ल्यूए के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि सेक्टर के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में आरडब्ल्यूए की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बताया कि सेक्टर-14 के पार्क में करीब 38 लाख रुपये की लागत से सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि इसके विस्तार के लिए करीब 28 लाख रुपये का अतिरिक्त टेंडर लगाया गया है। ग्रैप संबंधी प्रतिबंध हटते ही विस्तार कार्य तेजी से पूरा करवाया जाएगा।

कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने बताया कि सेक्टर-14 की डीएवी स्कूल वाली सड़क पर करीब 28 लाख रुपये की लागत से ग्रेनाइट टाइल्स लगाने के कार्य को मंजूरी दी गई है। सेक्टर-14 मार्केट के रिडेवलपमेंट के लिए करीब 1 करोड़ 66 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिसके तहत पार्किंग व्यवस्था सुधारने, अव्यवस्थित तारों को हटाने तथा मार्केट का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। वहीं विभिन्न पार्कों की बाउंड्री वॉल, वॉशिंग एवं सौंदर्यीकरण कार्यों के लिए करीब 1 करोड़ 37 लाख रुपये तथा डीएवी स्कूल वाली सड़क को बेहतर एवं सुरक्षित बनाने और ट्रैफिक व्यवस्था सुगम करने के लिए करीब 53.5 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सेक्टर-14 और 17 की डिवाइडिंग रोड को चौड़ा करने, रेड लाइट लगाने तथा सेक्टर-12 की ओर आवश्यक स्थानों पर ट्रैफिक लाइट लगाने का कार्य जल्द शुरू होगा। सेक्टर-14/17 की सेंट्रल डिवाइड पर डिवाइडर एवं लाइट लगाने के कार्यों को भी मंजूरी दी गई है।

कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि सेक्टर-14 के लेबर चौक को जल्द ही खूबसूरत एवं व्यवस्थित चौक के रूप में विकसित किया जाएगा। आरडब्ल्यूए की पुरानी और नई जायज मांगों को पूरा करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने सेक्टर-14 के गेट निर्माण में सहयोग के लिए के.सी. लखानी एवं उनके परिवार की सराहना करते हुए कहा कि गेट और सड़क के निर्माण से स्वर्गीय गुंजन लखानी की स्मृति को स्थायी रूप से जीवित रखने का सराहनीय कार्य हुआ है। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद की कूड़ा समस्या के समाधान के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। करीब 350 करोड़ रुपये की लागत से वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट स्थापित किया जा रहा है, जिससे कचरे से बिजली का उत्पादन होगा। उन्होंने कहा कि अगले कुछ दिनों में कूड़ा समस्या के समाधान के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास है। साथ ही शहरवासियों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि जनता के विश्वास पर खरा उतरते हुए विकास कार्यों को निरंतर गति दी जाएगी।

राज्य मंत्री राजेश नागर ने कहा कि फरीदाबाद को देश और दुनिया में पहचान दिलाने वाले प्रमुख उद्योगपति के.सी. लखानी का शहर के विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने छोटे स्तर से व्यवसाय की शुरुआत कर जिस मुकाम को हासिल किया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायक है।

राज्य मंत्री राजेश नागर ने कहा कि सेक्टर-14 में कम्युनिटी सेंटर के निर्माण का शिलान्यास भी क्षेत्रवासियों के लिए महत्वपूर्ण सौगात है। उन्होंने इस कार्य के लिए कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद की सबसे बड़ी विशेषताओं में यहां का आपसी भाईचारा और सामाजिक जुड़ाव है। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद एक पुराना और जीवंत शहर है, जहां विचारों में भिन्नता होने के बावजूद आपसी भाईचारा इसकी पहचान बना हुआ है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा फरीदाबाद के विकास के लिए लगातार बड़े स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। हाईवे, एयरपोर्ट, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में तेजी से विकास हो रहा है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में विकास को नई दिशा मिली है और आने वाले समय में फरीदाबाद में भी अनेक नई विकास परियोजनाएं धरातल पर दिखाई देंगी। उन्होंने सेक्टर-14 की आरडब्ल्यूए के कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि आरडब्ल्यूए अध्यक्ष और उनकी पूरी टीम द्वारा क्षेत्र के विकास एवं सामाजिक कार्यों के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।

मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने कहा कि सेक्टर-14 से पहले सेक्टर-15 और सेक्टर-17 में भी ऐसे गेट बनाए गए हैं। उन्होंने इस पहल के लिए कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल और लखानी परिवार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सेक्टर-14 आरडब्ल्यूए की महिला विंग की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं द्वारा अलग से संगठित होकर सामाजिक एवं सेक्टर के विकास के लिए कार्य करना बेहद सराहनीय है। उन्होंने कहा कि आरडब्ल्यूए का कार्य आसान नहीं होता, लेकिन समाज और अपनी सोसाइटी के लिए कार्य करके जो आत्मसंतुष्टि मिलती है, उससे बड़ा कोई पुरस्कार नहीं है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को साथ लेकर समानांतर रूप से सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाना सकारात्मक पहल है।
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News